Monday, October 19Ujala LIve News
Shadow

संगम नगरी में नाथ परंपरा को मिलेगा नया आध्यात्मिक धाम,नैनी में श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर एवं नाथ अखाड़े का भूमिपूजन संपन्न

संगम नगरी में नाथ परंपरा को मिलेगा नया आध्यात्मिक धाम,नैनी में श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर एवं नाथ अखाड़े का भूमिपूजन संपन्न

महंत डॉ. चेताईनाथ जी महाराज के कर-कमलों से वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन एवं पूजन के साथ हुआ शुभारंभ; शीघ्र शुरू होगा भव्य निर्माण


प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज के नैनी क्षेत्र में सोमेश्वर महादेव मंदिर के समीप प्रस्तावित श्री गुरु गोरक्षनाथ मंदिर एवं योगाश्रम तथा नाथ सम्प्रदाय के अखाड़े का भूमिपूजन रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन, पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर संतों, महंतों और श्रद्धालुओं ने गुरु गोरक्षनाथ जी महाराज के जयकारे लगाए। ‘अलख निरंजन’ के उद्घोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
अखिल भारतवर्षीय अवधूत भेष बारह पंथ योगी महासभा के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री परम पूज्य महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज के दिशानिर्देशन में किया गया। महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री महंत डॉ. चेताईनाथ जी महाराज के कर-कमलों द्वारा भूमिपूजन की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न हुई।
नाथ सम्प्रदाय की आस्था का बनेगा प्रमुख केंद्र
भूमिपूजन के अवसर पर महंत शुक्राईनाथ योगी ने बताया कि प्रयागराज की पवित्र धरती पर बनने वाला यह विशाल धर्मक्षेत्र नाथ सम्प्रदाय के संतों, योगियों और श्रद्धालुओं के लिए आस्था, साधना एवं आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि परम पूज्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन से प्रस्तावित इस परियोजना का भव्य निर्माण शीघ्र प्रारंभ होगा। मंदिर एवं योगाश्रम के निर्माण से धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
संतों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस पावन अवसर पर विकास प्राधिकरण के अधिकारी ऋषिराज (आईएएस), महंत शुक्राईनाथ योगी, स्वामी माधवानंद जी, परमार्थ निकेतन आश्रम के प्रबंधक परेश दवे, प्रकृतिवेदा आयुर्वेदिक हॉस्पिटल के डॉ. पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, बबलू पांडे, सुनील शेखावत, पूतन सिंह, सेवक अरविंद राठौड़, अधिवक्ता हरीश द्विवेदी, दीपक पांडेय, सानू पुजारी, विवेक पुरी एवं गजानंद पुरी सहित अनेक संत-महंत, श्रद्धालु और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भूमिपूजन समारोह ने धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण निर्मित किया। श्रद्धालुओं ने गुरु गोरक्षनाथ जी महाराज के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए प्रस्तावित मंदिर एवं योगाश्रम के शीघ्र निर्माण की कामना की। यह परियोजना प्रयागराज में नाथ परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और आध्यात्मिक गतिविधियों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *