मध्य रेल के खर्डी–कसारा खंड पर तीसरी रेल लाइन सफलतापूर्वक शुरू
मुंबई श्रीकेश चौबे:-
मध्य रेल ने 18 अक्टूबर 2026 को 13.53 किलोमीटर लंबी खर्डी–कसारा तीसरी रेल लाइन को सफलतापूर्वक शुरू कर दिया है। यह कल्याण–कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
दिनांक 17/18 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में 12 घंटे का चुनौतीपूर्ण यातायात ब्लॉक लिया गया, जिसके दौरान ट्रैक के महत्वपूर्ण कनेक्शन तथा कसारा यार्ड रिमोडलिंग सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
रेलवे संरक्षा आयुक्त (CRS) ने 17 एवं 18 अक्टूबर को इस रेल लाइन का निरीक्षण किया, जिसके बाद इसे चालू किया गया।
निरीक्षण के दौरान रेलवे संरक्षा आयुक्त ने निर्माण कार्य, ट्रैक तथा सुरक्षा संबंधी कार्यों की उत्कृष्ट गुणवत्ता की सराहना की। इस दौरान 117 किमी प्रति घंटे की गति से सफल स्पीड ट्रायल किया गया तथा नई रेल लाइन पर 100 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति से रेलगाड़ियों के परिचालन को अधिकृत किया गया।
इस परियोजना के अंतर्गत चुनौतीपूर्ण पहाड़ी भूभाग से होकर नई विद्युतीकृत रेल लाइन का निर्माण, पुलों का सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार, व्यापक मिट्टी कार्य, आधुनिक सिग्नलिंग एवं विद्युतीकरण तथा खर्डी और कसारा रेलवे यार्डों में सुधार जैसे कार्य किए गए।
*लाभ*
नई तीसरी लाइन से रेलवे की परिचालन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, रेल मार्ग पर भीड़भाड़ कम होगी, रेलगाड़ियों की समयपालन में सुधार होगा और पूरे प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद महत्वपूर्ण मुंबई-कसारा कॉरिडोर पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन अधिक सुचारु रूप से हो सकेगा।
इस रेल लाइन का सफलतापूर्वक चालू होना रेलवे अवसंरचना के विस्तार तथा यात्रियों को अधिक सुरक्षित, कुशल और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति मध्य रेल की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
