रोटरी अरिहंत का भव्य दीपावली महोत्सव, संगीत, सुरों और मनोरंजक खेलों ने बांधा समां
विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने की क्लब के सेवा कार्यों की सराहना, संस्थापक शशांक जैन को शानदार क्लब के निर्माण की दी बधाई

प्रयागराज, रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद अरिहंत द्वारा शनिवार को माधोकुटुम्ब, सिविल लाइंस में भव्य दीपावली महोत्सव का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। रोशनी, संगीत, नृत्य, मनोरंजक खेलों, बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और आकर्षक आतिशबाजी से सजी इस यादगार शाम में रोटरी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। यह आयोजन केवल दीपावली का उत्सव नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, मित्रता, पारिवारिक एकता और साथ मिलकर खुशियां बांटने का एक खूबसूरत अवसर बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शहर उत्तरी के विधायक श्री हर्षवर्धन बाजपेयी उपस्थित रहे। उन्होंने पूरे आयोजन में अपनी आत्मीय उपस्थिति और सदस्यों एवं उनके परिवारजनों से व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से समारोह की रौनक बढ़ाई। अपने संबोधन में उन्होंने रोटरी अरिहंत परिवार को अपने परिवार के समान बताया और क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने क्लब के संस्थापक रोटेरियन शशांक जैन को एक शानदार क्लब की स्थापना और उसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने के प्रयासों के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
क्लब के संस्थापक रोटेरियन शशांक जैन ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके निरंतर सहयोग, विश्वास और उत्साह के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व उन्होंने एक ऐसे रोटरी क्लब का सपना देखा था, जहां सेवा के साथ-साथ मित्रता, पारिवारिक अपनापन और आपसी सहयोग को भी समान महत्व मिले। आज सदस्यों के उत्साह, सक्रिय सहभागिता और एक-दूसरे के प्रति आत्मीयता को देखकर उन्हें विश्वास हो रहा है कि उनका सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्लब की वास्तविक ताकत उसके सदस्य होते हैं और अरिहंत परिवार का यही प्रेम एवं सहयोग उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि और संतुष्टि है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. कीर्ति अग्रवाल ने की तथा सचिव रोटेरियन प्रीति जैन ने आयोजन के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम चेयरमैन रोटेरियन कन्हैया अग्रवाल ने अपनी शानदार मंच संचालन शैली से पूरे समारोह को जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटेरियन पंकज जैन, असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन मंदीप श्रीवास्तव, रोटेरियन अंकित अग्रवाल एवं मयंक अग्रवाल ने रीजनल सेक्रेटरी रोटेरियन अजय अग्रवाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। समारोह में प्रयागराज के विभिन्न रोटरी क्लबों के सदस्यों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में एकल प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। पल्लवी एवं मनीष अग्रवाल की पुत्री आनिका अग्रवाल ने अपनी मधुर बांसुरी वादन प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं अरमान अहमद के पुत्र आबान अहमद ने शानदार गिटार वादन से सभी में जोश और उत्साह भर दिया। संगीत के इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए रोटेरियन शशांक जैन और अरमान अहमद ने अपनी गायकी से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित लोग झूमने पर मजबूर हो गए।
बच्चों के लिए आयोजित म्यूजिकल चेयर और फनी क्विज जैसे मनोरंजक खेलों ने पूरे आयोजन में उत्साह और हंसी-खुशी का माहौल बना दिया। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संगीत की मधुर धुनों पर नृत्य, हंसी-मजाक और एक-दूसरे के साथ बिताए खुशनुमा पलों ने शाम को यादगार बना दिया। रंग-बिरंगी सजावट और आकर्षक आतिशबाजी ने दीपावली के उल्लास को और भी खास बना दिया।
इस अवसर पर असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन मंदीप श्रीवास्तव ने रोटरी अरिहंत की सक्रियता और पारिवारिक एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि क्लब के सदस्यों के बीच दिखाई देने वाला प्रेम, मित्रता, सहयोग और अपनापन इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने क्लब के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में गीता अग्रवाल, पल्लवी अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, दीप्ति गुप्ता, अरमान अहमद, अतुल अग्रवाल, शिखा अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, संध्या अग्रवाल, तुषार गुप्ता, सुष्मिता जैन, श्रेयांश जैन, गरिमा अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल सहित अनेक रोटरी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अंत में क्लब के कोषाध्यक्ष रोटेरियन कृष्णा मुरारी प्रजापति ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्नेह, संगीत, उत्साह, उमंग और पारिवारिक आत्मीयता से परिपूर्ण यह दीपावली महोत्सव अरिहंत परिवार के लिए एक अविस्मरणीय शाम बन गया। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि रोटरी केवल सेवा का माध्यम ही नहीं, बल्कि अच्छे संबंधों, मजबूत मित्रता और परिवार जैसी भावना को संजोने वाला एक सशक्त मंच भी है।
