कुम्भ में नए टीवी एंकरों ने अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई

प्रयागराज। महाकुंभ 2025 प्रयागराज के नवोदित एंकरों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए याद किया जाएगा। इनको यह अवसर उपलब्ध काराया है दूरदर्शन उत्तर प्रदेश ने। शहर के एक दर्जन से भी अधिक एंकर दूरदर्शन के प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक और रात्रि में 9 से 10.30 बजे तक प्रसारित हो रहे कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का परिचय दे रहे हैं। ये प्रसारण राष्ट्रीय स्तर पर भी देखा-सुना जा रहे हैं और पसंद किया जा रहे हैं।
महाकुंभ 2025 के लिए दूरदर्शन, लखनऊ के कार्यक्रम अनुभाग और इंजीनियरिंग विभाग मिल कर 15 जनवरी से प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक “महाकुंभ दर्शन” नामक कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कर रहा है। इस रोचक प्रसारण में विशेषज्ञों से महाकुंभ से जुड़े विषयों पर बातचीत के साथ कई सेगमेंट भी शामिल होते हैं, जिनमें प्रयागराज के प्रमुख मंदिरों, महत्वपूर्ण स्थानों, महाकुंभ व्यवस्थाओं और प्रमुख संतों, साधुओं व अधिकारियों से मुलाकातें शामिल होती हैं। यह प्रसारण 26 फरवरी तक चलेगा। बड़ी बात यह है कि इस कार्यक्रम को प्रतिदिन शहर से ही चयनित किये गए युवा एंकर ही प्रस्तुत करते हैं।
प्रतिदिन के प्रसारण में एक पुरुष एंकर, एक महिला एंकर और एक विशेषज्ञ शामिल होते हैं। महत्वपूर्ण यह कि इस सीधे प्रसारण में शामिल होने से पहले एंकरों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। जाहिर है कि इस तरह की पहल से नए कार्यक्रम संचालकों को न केवल प्रोत्साहन मिल रहा है, बल्कि इस क्षेत्र में कार्य करने के लिए नई पीढ़ी भी तैयार करने का दायित्व दूरदर्शन निभा रहा है। रोचक यह कि केवल एंकर ही प्रयागराज के नहीं हैं, बल्कि इस सीधे प्रसारण के लिए स्थानीय विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जा रहा है, जिसमें विश्वविद्यालयों के अध्यापक, साहित्यकार व वरिष्ठ पत्रकार शामिल हैं।
दूरदर्शन प्रतिदिन रात्रि में 9 से 10.30 बजे तक महाकुंभ नगरी में होने वाले कार्यक्रमों का भी प्रसारण कर रहा है। इसमें गंगा पंडाल, कला ग्राम, कला कुंभ, नेत्र कुंभ आदि आयोजनों से दर्शक सीधे जुड़ सकते हैं। इन प्रसारणों में भी इन एंकरों की सेवाएं ली जा रही हैं। जाहिर है कि दूरदर्शन की इस समावेशी पहल के कारण प्रयागराज के युवा कार्यक्रम संचालक और वॉयस आर्टिस्ट राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो रहे हैं। इन एंकरों में शांभवी शुक्ला, कुंवर अभिषेक प्रताप, रोनित चौरसिया, मानसी त्रिपाठी, अनुराग यादव, कामना, डॉ. आकांक्षा पाल, प्रियांशु श्रीवास्तव, श्वेता आदि शामिल हैं।
