अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित होगी “ASMITA महिला एथलेटिक्स लीग”
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (08 मार्च 2026) के अवसर पर प्रयागराज में “ASMITA महिला एथलेटिक्स लीग” का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता मदन मोहन मालवीय स्टेडियम (गेट-6, आजाद पार्क), प्रयागराज में आयोजित होगी।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल “ASMITA (Achieving Sports Milestone by Inspiring Women Through Action)” के अंतर्गत किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से प्रेरित करते हुए उन्हें उपलब्धियों के नए मील के पत्थर तक पहुँचने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उक्त प्रतियोगिता का आयोजन माय भारत एवं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के संयुक्त समन्वय से खेलो इंडिया योजना के ‘स्पोर्ट्स फॉर विमेन’ घटक के अंतर्गत संपादित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, युवतियों की शारीरिक दक्षता का विकास करना तथा जमीनी स्तर पर खेलों में उनकी सहभागिता को व्यापक बनाना है।
प्रतियोगिता में निम्न स्पर्धाएँ आयोजित की जाएंगी—
• 100 मीटर दौड़
• 200 मीटर दौड़
• 400 मीटर दौड़
• अन्य मनोरंजक एवं सामूहिक गतिविधियाँ (जैसे रस्साकशी आदि)
प्रतियोगिता के लिए आयु वर्ग निम्नानुसार निर्धारित किए गए हैं—
• 13 वर्ष से कम
• 13 से 18 वर्ष
• 18 वर्ष से अधिक
इच्छुक प्रतिभागी फोन 9415437312 पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम में सहभागिता करने वाली सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र के साथ पदक देकर सम्मानित किया जाएगा।
माय भारत, प्रयागराज की उपनिदेशक जागृति पांडेय ने जनपद के शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि वे अपनी छात्राओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवतियाँ इस पहल का लाभ उठाते हुए खेलों के माध्यम से सशक्त बन सकें।
