पर्यावरण दिवस पर ड्राइंग प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन

प्रयागराज।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर श्री कुंज चैरिटेबल सोसाइटी, प्रयागराज द्वारा कंपनी गार्डन, सिविल लाइंस में “पर्यावरण दिवस ड्राइंग प्रतियोगिता – 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रयागराज के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता विषय पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. पूनम श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. रविंदर पाल कौर बर्डी, प्राचार्य, श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल, श्री नारायण आश्रम, शिवकुटी, प्रयागराज उपस्थित रहीं।
विशिष्ट अतिथियों में मोहम्मद कासिम फारूकी, प्रवक्ता, राज्य संस्थान उत्तर प्रदेश एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के निर्णायक, श्री सुधीर सिंह, वी.बी.एम.सी.ए.ओ.एस. विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, श्री संतोष शुक्ला, सचिव, एन.ए.एस.आई., ममफोर्डगंज, प्रयागराज, तथा कंपनी गार्डन के अधीक्षक श्री जगदीश प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता एवं रचनात्मक सोच की सराहना की। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के संयोजक अनूप श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के डिजाइन एवं प्रोडक्शन का दायित्व अर्पिता अग्रवाल, अमित श्रीवास्तव एवं प्रशांत ने सफलतापूर्वक निभाया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनसीसी कैडेट्स ने वॉलंटियर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा व्यवस्था संचालन में उल्लेखनीय सहयोग प्रदान किया।
संस्था के वाइस प्रेसिडेंट श्री हितेश कुमार वर्मा ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए जन-जागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों एवं प्रतिभागियों को पौध वितरण किया गया तथा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
“पेड़ लगाएं, पर्यावरण बचाएं और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दें” के संदेश के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
