रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद ग्रैंड ने ‘समर्पण’ थीम के अंतर्गत तीन सेवा परियोजनाओं का सफल आयोजन

प्रयागराज
रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद ग्रैंड ने अपने वार्षिक थीम “समर्पण” के अंतर्गत एक आंगनवाड़ी केंद्र पर तीन महत्वपूर्ण सेवा परियोजनाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नवमाताओं एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आवश्यक सहायता प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्ट नर्चर के अंतर्गत 21 पोषण किट नवमाताओं को वितरित की गईं। इस परियोजना के प्रोग्राम चेयरपर्सन रोटेरियन सुगंध वर्ष्णेय एवं रोटेरियन दिव्यांशु केशरवानी रहे। वहीं प्रोजेक्ट लिटिल स्माइल्स एवं प्रोजेक्ट वॉर्म हार्ट्स के माध्यम से 250 से अधिक बच्चों के लिए खिलौने, बच्चों के कपड़े, पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री एवं ताजे फल दान स्वरूप उपलब्ध कराए गए। इन परियोजनाओं के प्रोग्राम चेयरपर्सन रोटेरियन संकेत अग्रवाल एवं डॉ. शालिनी द्विवेदी रहे।
लगातार हो रही भारी वर्षा के बावजूद क्लब के सदस्यों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों का उत्साह और सेवा भावना कम नहीं हुई। विपरीत परिस्थितियों में भी सभी ने पूरे समर्पण के साथ जरूरतमंद परिवारों तक सहायता पहुँचाई और यह सिद्ध किया कि सेवा के मार्ग में कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
इस सेवा अभियान से आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़े बच्चों एवं उनके परिवारों के चेहरों पर मुस्कान आई तथा क्लब के सदस्यों ने समाज के प्रति अपनी सेवा प्रतिबद्धता को एक बार फिर सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
रोटरी क्लब ऑफ इलाहाबाद ग्रैंड ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार की जनहितकारी परियोजनाएँ निरंतर आयोजित करता रहेगा।
