महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर विद्यालय में अलंकरण व शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर विद्यालय में वर्ष 2026 – 2027 विद्यालय की छात्र परिषद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के अलंकरण व शपथ ग्रहण समारोह का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया।एक अच्छे नागरिक बनने की दिशा में विभिन्न जिम्मेदारियों को निभाने व अपने रचनात्मक गुणों के आकलन में पदाधिकारियों का चयन एक महत्वपूर्ण विद्यालयी अंग है । कार्यक्रम का शुभारंभ क्वॉयर समूह के द्वारा प्रस्तुत गीत के मांगलिक स्वरों से हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विराजमान भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर श्री देबार्थो धर , विद्यालय प्रधानाचार्या तथा प्रभारी वर्ग के शिक्षकों का स्वागत किया गया। स्वागतोपरांत नेतृत्व के हस्तांतरण की परंपरा का निर्वाह करते हुए विगत 2025- 2026 सत्र के निवर्तमान हेड बॉय स्कंद रॉय तथा हेड गर्ल तुहीना चौबे द्वारा अलंकरण , बैच व ध्वज प्रधानाचार्या को सौंपते हुए नेतृत्व की ज़िम्मेदारी नव निर्वाचित छात्र परिषद को हस्तांतरित की गई । गौरव की अनुभूति , पद की गरिमा व कर्तव्य के प्रति सजगता के मिले – जुले भाव से युक्त यह क्षण पदाधिकारियों के लिए ही नहीं बल्कि वहां उपस्थित शिक्षकों व अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण रहा । विद्यालय प्राचार्या श्रीमती अल्पना डे के द्वारा क्रमशः हैड ब्वाय अमन सिंह (कक्षा 12) , हैड गर्ल भव्या सिंह ( कक्षा 12) ,एक्टिविटी कैप्टन यशी सिंह ( कक्षा 12) , सुव्या वर्मा ( कक्षा 11) तथा डिजिटल डायनेमो वर्तिका भारद्वाज व माही वर्मा को बैज व सैशे प्रदान करके उन्हें दायित्वों से अलंकृत किया गया।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षा व खेल प्रमुख श्री अरुणेश कुमार सिंह द्वारा स्पोर्ट्स कैप्टन विनायक मिश्रा ( कक्षा 12) व लवलीन कौर ( कक्षा 12) को सैश व बैज प्रदान कर अलंकृत किया गया। इसी उपक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्या ने एसोसिएट सब प्रिफेक्ट के रूप में नवनिर्वाचित गार्गी मिश्रा (कक्षा 11) तथा शुभांग श्रीवास्तव (कक्षा 11) को सैश व बैज पहनाकर अलंकृत किया ।
इसी अनुक्रम में प्रभारी वर्ग से श्रीमती गोपा भटृटाचार्या, श्रीमती मृगनयनी आर्या,श्रीमती पद्मा पांडेय , श्रीमती गीतिका जोशी , जूनियर इंचार्ज श्रीमती वैशाखी घोष, पब्लिकेशन इंचार्ज श्रीमती राज्य लक्ष्मी वालिया सांस्कृतिक विभाग से श्रीमती विनीता सिंह द्वारा अन्य पदाधिकारियों को बैज व सैश देकर अलंकृत किया गया।
समारोह में उपस्थित प्रधानाचार्या श्रीमती अल्पोना डे तथा मुख्य अतिथि की अध्यक्षता में नव निर्वाचित हेड गर्ल भव्या सिंह द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सजगता और समर्पण भाव से दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई।शपथ ग्रहण के बाद निर्वतमान हेड बॉय स्कंद रॉय ने अपने अविस्मरणीय अनुभवों को साझा करते हुए प्रधानाचार्या व शिक्षकों को धन्यवाद दिया तथा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामना दीं।
निर्वतमान हैड गर्ल तुहीना चौबे द्वारा विद्यालय द्वारा प्रदत्त संस्कार व शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित हेड बॉय अमन सिंह तथा भव्या सिंह ने उत्तर दायित्वों के निर्वहन में अपनी सक्रिय भागीदारी को सुनिश्चित किया तथा विद्यालय के अनुशासन व मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध होकर आगे बढ़ने का संकल्प लिया। उन्होंने इसके लिए शिक्षकों और अभिभावकों का धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में सभी सदनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने विद्यालय प्राचार्या व समस्त शिक्षकों को धन्यवाद देते हुए तथाअपने उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए उनकी परिपूर्णता के लिए सदैव सजग व सक्रिय बने रहने का विश्वास दिलाया।
प्रधानाचार्या ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें जिम्मेदारियों को कुशलतापूर्वक निभाने व पद की गरिमा को बनाये रखने की प्रेरणा दी । उन्होंने बताया कि कठिन परीक्षा के बाद मिला पद गर्व के साथ ज़िम्मेदारियों के प्रति सजगता और सक्रियता का पर्याय भी है।
समारोह में विराजमान मुख्य अतिथि के रूप में विंग कमांडर देबार्थो धर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने संबोधन में अनुशासन व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों के प्रति सचेष्ट रहने के लिए प्रेरित किया तथा साथ ही जय हिन्द के उद्घोष के संबंध में यह एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि प्रारंभ में केवल वायु सेना द्वारा अपनाए गए ‘जय हिन्द’ उद्घोष को बाद में सेना के सभी अंगों द्वारा अपना लिया गया । विद्यालय प्रधानाचार्या द्वारा निवर्तमान छात्र परिषद के पदाधिकारियों को उनकी सेवाओं के लिए सर्टिफिकेट प्रदान किए गये। इस अवसर पर विद्यालय सचिव श्रीमती कृष्णा गुप्ता द्वारा अपने संदेश में चयनित पदाधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करते हुए शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय चेतना का भाव जगाते राष्ट्रगान तथा जय हिन्द उद्घोष के साथ समारोह का समापन हुआ।
