सत्ता के वियोग में व्याकुल व विचलित हैं विपक्ष के नेता: केशव
राहुल गांधी के पास यदि लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की इच्छा है तो जनता की अदालत में आयें
देश की सर्वोच्च अदालत को आंदोलन में खींचने की कोशिश अक्षम्य है

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विपक्ष पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों और विपक्ष के आंदोलनों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) का रुख साफ किया। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर डिप्टी सीएम ने कहा कि चाहे समाजवादी पार्टी (SP), बसपा (BSP) और कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दल एकजुट होकर लड़ें या अलग-अलग, उत्तर प्रदेश में ‘कमल’ खिल चुका है। उन्होंने दावा किया कि सूबे में BJP-NDA की सरकार है और आगे भी रहेगी। विपक्ष का कोई भी मंसूबा कामयाब नहीं होगा। विपक्ष के आंदोलन पर निशाना साधते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने ‘इंडी गठबंधन’ और कांग्रेस-सपा के आंदोलनों को पूरी तरह फ्लॉप और नौटंकीबाजी करार दिया। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता इस नौटंकी को स्वीकार नहीं करेगी। राहुल और अखिलेश पर हमला करते व तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी नेता सत्ता के वियोग में व्याकुल व विचलित हैं। विपक्ष का यह आंदोलन जनहित में नहीं, बल्कि केवल इस बात के लिए है कि कैसे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटाकर राहुल गांधी को बैठाया जाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि देश का माहौल अराजक करने का अधिकार किसी को नहीं। अंतर्राष्ट्रीय शक्तियों के इशारे पर देश को अस्थिर करने की कोशिश की जा रही है। सत्ता वियोग में विचलित व्याकुल हैं विपक्ष के लोग। मुद्दा विहीन है विपक्ष। जनता का समर्थन इनके आंदोलन को नहीं मिला। देश की राजधानी को बंधक बनाने की कोशिश की गई। 2027 में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है और सपा का सुपडा साफ़ होने जा रहा है। इस बार पंजाब में भी भाजपा सरकार आ रही है। उत्तराखंड व गोवा में हम दोबारा सरकार बनाएंगे। उत्तर प्रदेश के शिक्षक , एमएलसी की सभी 11 सीटों पर भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी विजयी होने जा रहे हैं। सपा खनन माफिया, भू माफिया और शिक्षक माफियाओं का भी ठिकाना है। डिप्टी सीएम ने कहा कि विपक्ष को लगता है कि देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी गांधी खानदान की जागीर है और अखिलेश यादव को लगता है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी सैफई खानदान बपौती है। लेकिन वे कहना चाहते हैं कि न तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी मुलायम सिंह यादव के परिवार के लिए आरक्षित है और न देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी गांधी खानदान की जागीर है। देश व प्रदेश की जनता ने भाजपा को जनादेश दिया है। और भाजपा जनता की सेवा कर रही है। जो सेवा करेगा कानून व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त रखेगा जनता उसे एक बार नहीं बार बार अपना आशीर्वाद देती है। और इसलिए तीसरी बार भी उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनेगी। राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट की ओर कदम बढ़ाने के सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि ये अक्षम्य अपराध है राहुल गांधी का। देश के विद्वान अधिवक्तागण न्यायमूर्तिगण इस कदम को उचित नहीं मानते। उनके (राहुल गांधी) पास यदि लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की इच्छा है तो जनता की अदालत में आयें धरना प्रदर्शन करें। लेकिन देश की सर्वोच्च अदालत को आंदोलन में खींचने की कोशिश न करें। इसके वे (केशव) कड़ी निंदा भर्त्सना व विरोध करते हैं। और जो इस आंदोलन में खड़े थे उनको जनता आने वाले समय में सबक सिखाएगी। काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं इलाहाबाद झांसी स्नातक चुनाव के सह संयोजक अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, विजय द्विवेदी, कुश श्रीवास्तव, शैलेश पटेल, एमएलसी बाबूराम तिवारी, विधायक पीयूष रंजन निषाद, प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, विक्रमजीत भदौरिया, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, उमेश तिवारी, दिलीप चतुर्वेदी उपस्थित रहे।

