हाथी पर सवार होकर निकले श्रीराम-लक्ष्मण, बरसे पुष्-पूरी भव्यता एवं सज-धजके साथ निकला सिविल लाइंसका रामदल

नवरात्र की महाषष्ठी पर सिविल लाइंस का रामदल पूरी भव्यता एवं सजधज के साथ निकला। हाथी पर सवार भगवान श्रीराम-लक्ष्मण एवं सीता को देखने के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने भगवान पर पुष्पवर्षा की। हाथी पर सवार भगवान ने भी भक्तों को पुष्प भेंट किये। भगवान के साथ निकली नयनाभिराम झांकियों को देख भक्त मंत्रमुग्ध हो गये। देर रात तक सिविल लाइंस की सड़कों पर भारी भीड़ मौजूद रही। रामदल हाईकोर्ट से पत्थर गिरिजाघर, सुभाष चौराहे होते हुए निकला।
न्याय मार्ग क्षेत्र सिविल लाइंस एवं सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल की ओर से प्रभु रामचंद्र जी के स्वागत की भव्य तैयारी की गयी। क्लाइव रोड से लेकर हाईकोर्ट तक पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमग रहा। भगवान के साथ करीब बीस झांकियां श्रीराधा-कृष्ण सहित अन्य देवी देवताओं के कलात्मक प्रदर्शन के साथ निकाली गयी। रामदल की अगुवाई श्री गणेश एवं हनुमान जी ने किया। इससे पूर्व हाइकोर्ट के समीप न्यायविद हनुमान मंदिर से से उठने वाले राम दल की १०८ दीपों से शंखनाद एवं विशाल ध्वज के साथ दिव्य आरती हुई। तुलसियानी प्लाजा के सामने भव्य मंच पर दिल्ली से आमंत्रित कलाकार कीर्ति उपाध्याय एवं सुविख्यात संगम नगरी राकबैंड के साथ अद्भुत भजन क्लबिंग का कार्यक्रम हुआ। गायिका एवं अध्यक्ष महिला व्यापार मंडल स्वाती निरखी के नेतृत्व में यह सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ जिसे सभी ने खूब सराहा। सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष नीरज जायसवाल ने मंच आसीन सभी नागरिकों का स्वागत किया। क्षेत्रीय पार्षद पंकज जयसवाल ने अपने अथक प्रयासों से पूरे क्षेत्र को इतनी भव्यता प्रदान की। इस मौके पर विधायक हर्ष बाजपेयी, महापौर, अनिल गुप्ता, पवन श्रीवास्तव निधि श्रीवास्तव कौशल्यानंद गिरी माता , शैलेन्द्र मधुर , आभा मधुर , आदि लोग मौजूद रहे।

