मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसडीएम ने परखे घाटों के इंतजाम
एसडीएम टीपी सिंह ने विभिन्न विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के दिए निर्देश, अधिकारियों को सतर्क रहने की हिदायत

उजाला शिखर
कोरांव, प्रयागराज। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को एसडीएम टीपी सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। उन्होंने मातहतों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही घाटों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने को कहा।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बनाए रखना जरूरी है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में धार्मिक परंपराओं का निर्वहन कर सकें। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश भी दिए।

