Wednesday, October 21Ujala LIve News
Shadow

अग्रसेन दीपावली मेला 24 और 25 अक्टूबर को रॉयल गार्डन में होगा भव्य आयोजन

अग्रसेन दीपावली मेला 24 और 25 अक्टूबर को रॉयल गार्डन में होगा भव्य आयोजन

सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतिभा सम्मान, रक्तदान और आकर्षक लकी ड्रॉ होंगे मुख्य आकर्षण

प्रयागराज। श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के तत्वावधान में आयोजित होने वाले अग्रसेन जयंती समारोह 2026 के अंतर्गत 24 एवं 25 अक्टूबर को रॉयल गार्डन, लक्ष्मी टॉकीज के सामने, कटरा, प्रयागराज में भव्य अग्रसेन दीपावली मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का समय प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक रहेगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर होटल नवीन कॉन्टिनेंटल, जीरो रोड, प्रयागराज में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अग्रवाल युवा मंडल, अग्रवाल युवा महिला मंडल एवं अग्रवाल महिला मंडल के पदाधिकारियों के साथ पूर्व जयंती संयोजक डॉ. बी. बी. अग्रवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आयोजन को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

समाज के अध्यक्ष पीयूष रंजन अग्रवाल ने कहा कि अग्रसेन दीपावली मेला केवल मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, सांस्कृतिक विरासत, पारिवारिक सहभागिता और सेवा भावना को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने प्रयागराज के सभी परिवारों से सपरिवार मेले में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि समाज की सामूहिक सहभागिता से इस आयोजन को यादगार बनाया जाएगा।

जयंती संयोजक सी. ए. विनय गोयल ने बताया कि दो दिवसीय मेले में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 24 अक्टूबर को फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, वयोवृद्ध सम्मान, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान, म्यूजिकल स्टार ग्रैंड फिनाले और अनमोल रत्न सम्मान जैसे कार्यक्रम होंगे। वहीं 25 अक्टूबर को प्रश्न मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अग्र रत्न सम्मान समारोह और रॉयल कपल वॉक प्रमुख आकर्षण रहेंगे। उन्होंने कहा कि मेले को मनोरंजक, सहभागितापूर्ण और परिवारों के लिए विशेष बनाने के उद्देश्य से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

मेले में खानपान के विभिन्न स्टॉल, मनोरंजक गेम्स और खरीदारी के लिए आकर्षक शॉपिंग स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त दोनों दिन स्वैच्छिक रक्तदान की व्यवस्था रहेगी, जिससे सामाजिक सेवा और जनकल्याण का संदेश दिया जा सके। आयोजकों ने स्वस्थ एवं पात्र इच्छुक लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की है।

मेले का एक विशेष आकर्षण आकर्षक पुरस्कारों से युक्त लकी ड्रॉ होगा। लकी ड्रॉ का टिकट मात्र 30 रुपये में उपलब्ध रहेगा और इसका ड्रॉ 25 अक्टूबर को निकाला जाएगा। पुरस्कारों में इलेक्ट्रिक स्कूटर, फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, साइकिल, स्पीकर सहित 100 से अधिक सांत्वना पुरस्कार शामिल होंगे। लकी ड्रॉ के माध्यम से मेले में आने वाले लोगों के उत्साह को और बढ़ाने की तैयारी है।

मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि अग्रसेन दीपावली मेले के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एक साझा मंच पर लाने, बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने तथा सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रयागराज के नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का आनंद लें और इस सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाएं।

बैठक में अग्रवाल युवा मंडल, अग्रवाल युवा महिला मंडल एवं अग्रवाल महिला मंडल के पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सहयोग और सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *