रामबाग में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने किया राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संगठन की टी-शर्ट का लोकार्पण

प्रयागराज। श्री श्री रामबाग सार्वजनिन दुर्गापूजा कमेटी एवं राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संगठन के संयुक्त तत्वावधान में 26 अक्टूबर 2026 को प्रयागराज के रामबाग रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य कवि सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। जिसको कमला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के द्वारा स्पॉन्सर किया गया।साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को समर्पित इस कार्यक्रम में कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. नम्रता देव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संगठन की टी-शर्ट का लोकार्पण किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से संगठन से जुड़ने की अपील करते हुए सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। टीशर्ट को कमला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने स्पांसर किया है और आगे भी सामाजिक कार्यों से जुड़े रहने की बात की, जिसके लिए विधायक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
रामबाग के मंच से जुड़ी अपनी राजनीतिक शुरुआत की यादें कीं साझा
कार्यक्रम के दौरान विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने रामबाग से जुड़ी अपनी बचपन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने बताया कि इसी रामबाग के मंच से उन्होंने अपनी राजनीति की पहली सभा की थी। इस स्थान से जुड़ी पुरानी स्मृतियों को याद करते हुए उन्होंने अपने शुरुआती राजनीतिक सफर का जिक्र किया। उनके इस संस्मरण ने कार्यक्रम को भावनात्मक रंग दिया और उपस्थित लोगों को क्षेत्र के साथ उनके पुराने जुड़ाव से परिचित कराया।
कवियों ने बांधा समां, अंगवस्त्र और शील्ड देकर हुआ सम्मान
कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध राष्ट्रीय युवा कवि शिवम भगवती, प्रेमी विरह को अपनी कविताओं से सुनाने वाले कवि कुमार विकास, हास्य कवि गुलशन अवस्थी, कवयित्री सरोज सिंह, वीर रस के प्रसिद्ध युवा कवि अभिजीत मिश्रा सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन किया। हास्य, व्यंग्य, ओज और भावपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ कवियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन कवि बाग़ी विकास ने किया।
समारोह में सभी कवियों को राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संगठन की मुख्य ट्रस्टी श्रीमती खुशबू तिवारी द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा दुर्गापूजा कमेटी के अध्यक्ष डॉ प्रमोद शुक्ला द्वारा माल्यार्पण कर व कमेटी के कोषाध्यक्ष अभय श्रीवास्तव द्वारा शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन के संयोजक कवि अंबुज उषानंदन रहे। जिन्होंने काव्यपाठ भी किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष एवं आयोजनकर्ता निखिल श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, कवियों, सहयोगियों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी सद्भाव, सामाजिक चेतना और सकारात्मक विचारों को बढ़ावा देने का माध्यम हैं।
श्री श्री रामबाग सार्वजनिन दुर्गापूजा कमेटी एवं राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा संगठन की संयुक्त पहल से आयोजित यह कवि सम्मेलन साहित्यिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और सामाजिक सहभागिता के संदेश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिसमें रामबाग रेलवे स्टेशन के सुप्रिटेंडेंट अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, दुर्गापूजा कमेटी के पदाधिकारी पवन सुहाला , आनंद मिश्र, नवीन जुबलानी, लल्लू यादव, गुड्डू पंडित, आदित्य उपाध्याय, आलोक यादव, रुद्र यादव, श्रेयांस जायसवाल, प्रभात सिंह, अनन्या श्रीवास्तव, किरण श्रीवास्तव, रमेश पुरी, अरिजीत घोष समेत हजारों संख्या में श्रोता गण उपस्थित रहे।

