Thursday, November 12Ujala LIve News
Shadow

तीनों प्रारूपों में भारत ए टीम में चुनी गईं प्रयागराज की शिप्रा गिरि

तीनों प्रारूपों में भारत ए टीम में चुनी गईं प्रयागराज की शिप्रा गिरि

**घरेलू क्रिकेट में आक्रामकता और निरंतरता के साथ बल्लेबाजी का मिला इनाम, इंग्लैंड ए के खिलाफ करेंगी देश का प्रतिनिधित्व

 


उजाला शिखर
**प्रयागराज।** प्रयागराज की प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर शिप्रा गिरि ने एक बार फिर अपनी शानदार प्रतिभा का लोहा मनवाया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की महिला चयन समिति ने 11 नवंबर को इंग्लैंड ए महिला टीम के भारत दौरे के लिए घोषित भारत ए टीम में शिप्रा गिरि को तीनों प्रारूपों टी-20, एकदिवसीय और मल्टी-डे क्रिकेट के लिए चयनित किया है। यह उपलब्धि प्रयागराज के क्रिकेट जगत के साथ-साथ स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट एकेडमी के लिए भी गौरव का विषय है।

घरेलू क्रिकेट सर्किट में शिप्रा ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और निरंतरता से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनके शानदार प्रदर्शन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का उन्हें यह बड़ा इनाम मिला है। शिप्रा वर्तमान में स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट एकेडमी में मुख्य कोच अजय सिंह यादव के निर्देशन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

भारत ए की तीनों टीमों में विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में शिप्रा को जगह मिली है। इंग्लैंड ए महिला टीम के भारत दौरे पर तीन टी-20, तीन एकदिवसीय और एक मल्टी-डे मुकाबला खेला जाएगा। टी-20 मुकाबले पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में तथा एकदिवसीय और मल्टी-डे मुकाबले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित होंगे। टी-20 श्रृंखला 30 नवंबर से शुरू होगी, जबकि एकदिवसीय मुकाबले 8 दिसंबर से खेले जाएंगे। मल्टी-डे मुकाबला 19 दिसंबर से निर्धारित है।

शिप्रा की इस शानदार उपलब्धि पर प्रयागराज से कमांडेंट महिम शर्मा, , एकेडमी के संरक्षक महेंद्र कुमार सिंह, स्पोर्ट्स टैलेंट क्रिकेट एकेडमी के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय, जितेंद्र प्रताप सिंह, अजय कुमार गिरी, नीरज केसरी, जोनल इंचार्ज राम सक्सेना, रंजन श्रीवास्तव, खेल सचिव बृजेश श्रीवास्तव, उमेश खरे सहित खेल जगत से जुड़े अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य कोच अजय सिंह यादव ने कहा कि शिप्रा की यह उपलब्धि उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और घरेलू क्रिकेट में लगातार बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है। तीनों प्रारूपों में चयन होना उनके बहुआयामी खेल कौशल का प्रमाण है। उनकी सफलता से प्रयागराज की अन्य युवा महिला क्रिकेटरों को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *