पूरे सज धज के साथ निकली भगवान श्रीशालिग्राम और तुलसीजी की शोभायात्रा,रात्रि में होगा विवाह, शनिवार को भंडारा

प्रयागराज।पूरी आस्था और विश्वास के साथ भगवान श्री आनंद बिहारी विराजमान राधा कृष्ण मंदिर सब्जीमंडी शाहगंज से भगवान श्री शालिग्राम और तुलसी जी की बारात (शोभायात्रा) निकाली गई। रात्रि में धूमधाम से वैदिक रीति से विवाह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
शोभायात्रा का शुभारम्भ 11 वेदपाठी ब्राह्मणों के विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना से हुई। सबसे पहले भगवान शालिग्राम और माता तुलसीजी का पूजन पूर्व आईपीएस जुगुल किशोर तिवारी ने किया। उनके बाद अन्य श्रद्धालुओं ने भी पूजन अर्चन कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद फूलों से सजाए गए रथ पर माता तुलसीजी और भगवान श्रीशालिग्रामजी को मंत्रोच्चार के साथ विराजमान कराया गया। इसके बाद पुनः भगवान शालिग्राम और तुलसी माता का पूजन, आरती मंदिर के पुजारी पंडित दिगम्बर प्रसाद त्रिपाठी ने किया जबकि उनकी पत्नी श्रीमती सुधा त्रिपाठी ने बारात प्रस्थान से पूर्व की रस्म निभाते हुए परछन की।
इसके बाद भगवान की बारात (शोभायात्रा) प्रारम्भ हुई। मन्दिर परिसर से चलकर शोभायात्रा शाहगंज इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, जानसेनगंज, हिवेट रोड, एससी बसु रोड, अग्रसेन चौराहा, के पी कक्कड़ रोड, घंटाघर, फलमंडी, लोकनाथ चौराहा, कोतवाली, ठठेरी बाजार, सब्जीमंडी होते हुए पुनः मंदिर पर पहुंची। रात्रि में भगवान शालिग्रामजी और माता तुलसीजी का शास्त्रोक्त रीति से विवाह सम्पन्न हुआ। शोभायात्रा में डीजे, रोड लाइट, शहनाई वादक, डमरू वादक, पंजाबी ढोल ताशा पार्टी अपनी कला से सभी को आकर्षित कर रहे थे। बारात में शामिल लोग भजन की धुन पर नाचते गाते आगे बढ़ रहे थे। रास्ते में जगह जगह पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया गया। शोभायात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी सांसद, महापौर, विधायक, पार्षद, समाजसेवी शामिल होते जा रहे थे।
पुलिस प्रशासन शोभायात्रा को लेकर पूरी तरह से मुस्तैद था।कोतवाली क्षेत्र की एसीपी निकिता श्रीवास्तव व कोतवाली इंचार्ज सुधीर सिंह सुबह से ही ट्रैफिक व्यवस्था में लगे हुए थे। पीस कमेटी के अब्दुल अजीम उर्फ चांद मियां व प्रवक्ता मोहम्मद अकरम पूरे समय अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। कोतवाली पर बारात का स्वागत चांद मियां, प्रवक्ता मोहम्मद अकरम, साहिल अरोरा पार्षद,पूर्व पार्षद अनीस अहमद, पार्षद मोहम्मद आजम, समाजसेवी मोहम्मद आमिर, सिविल डिफेंस के मोहम्मद ताहिर, संतोष कुमार, मोहम्मद असलम, शोएब आलम आदि ने किया और यह सभी लोग प्रशासन के भी सहयोग में लगे रहे।
शोभायात्रा में मुख्य रूप से पूर्व पार्षद सुशील यादव, विजय मिश्रा, शेखर अस्थाना, ओम प्रकाश चौरसिया, गौरी शंकर वर्मा, दिनेश सिंह, श्रीमती काजल कैथवास, पिंटू मिश्रा, रवि चौरसिया, शरद राठौर, सुदर्शन सिंह, सीताराम चौरसिया, केशवा नन्द मिश्रा, दिनेश साहू, सतीश प्रजापति, मंगल प्रसाद त्रिपाठी, रामानन्द त्रिपाठी, भरत कनौजिया, अकरम शगुन, वरुण केसरवानी, मनोज कुशवाहा, राजेश निषाद, शगुन भैया, शेरू पन्नी, पार्षद जिया उबेद खान, पार्षद कुसुम लता, मोहम्मद कलीम, मोहित साहू, आयुष साहू आदि के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु, व्यापारी शामिल थे।
