शंकराचार्य अधोक्षजानंद असम से पहुंचे प्रयागराज, चित्रकूट में रामायण मेले का करेंगे उद्घाटन

प्रयागराज। अखंड भारत यात्रा के तहत गोवर्धन मठ पुरी पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ आज असम से प्रयागराज माघ मेला क्षेत्र पहुंचे। शुक्रवार को जगद्गुरु शंकराचार्य चित्रकूट में रामायण मेले का उद्घाटन करेंगे।

असम के गुवाहाटी से प्रस्थान कर शंकराचार्य देवतीर्थ लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। लखनऊ में कुछ देर रुकने के बाद जगद्गुरु प्रयागराज के लिए प्रस्थान कर गये। वहां वह माघ मेला स्थित अपने शिविर में रात्रि विश्राम करेंगे और शुक्रवार को महाशिवरात्रि के पर्व पर संगम स्नान के बाद वह चित्रकूट जायेंगे।
असम में चार दिवसीय रुद्रमहायज्ञ एवं महाशिवरात्रि पूजा का किया उद्घाटनगो वर्धन मठ के एक प्रवक्ता ने बताया कि असम यात्रा के दौरान शंकराचार्य ने सिलपुखरी, गुवाहाटी स्थित श्रीश्री नवग्रह स्मसान निरमुहिया शिव मंदिर में आयोजित चार दिवसीय रुद्रमहायज्ञ एवं महाशिवरात्रि पूजा का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असम के राज्यपाल गुलाब चंद्र कटारिया और विशिष्ट अतिथि भारत सरकार के कैबिनेट मंत्री सर्वानंद सोनोवाल थे।

राज्यपाल ने शंकराचार्य के असम राज्य में पदार्पण को कल्याणकारी बताया। वहीं कैबिनेट मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि शंकराचार्य जी की उपस्थिति से उत्तर पूर्व के लोगों के मन में सकारात्मक सोंच और शक्ति का संचार हुआ है। हम चाहते हैं कि जगद्गुरु अपना अशीर्वाद ऐसे ही देते रहें, जिससे हमारे अंदर शक्ति, भक्ति, ज्ञान और बुद्धि का लगातार संचार होता रहे, जिससे हम देश और समाज की सेवा करते रहें। जगद्गुरु ने भी इस अवसर पर उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्र और धर्म की रक्षा हेतु समर्पित रहने को कहा और आशीर्वाद प्रदान किया।

महाशक्तिपीठ मां कामाख्या का शंकराचार्य ने किया दर्शन पूजन
गुवाहाटी में जगद्गुरु शंकराचार्य ने सौभाग्य कुण्ड में आचमन कर श्री गणेश जी का पूजन किया। तत्पश्चात गर्भगृह में विराजमान मां कामाख्या का विधिवत दर्शन-पूजन कर राष्ट्र के सुख समृद्धि और कल्याण की कामना की। पूजन के दौरान असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वशर्मा की धर्मपत्नी श्रीमती रिनिकी भुइयां शर्मा, मंदिर समिति के सचिव भास्कर शर्मा, दशनामी अखाड़ा के थानापति दयानंद गिरी, सहित साधु-संतों ने श्री शंकराचार्य महाराज को अंगवस्त्र भेटकर स्वागत किया।

मुख्यमंत्री के आवास पर जगद्गुरु ने किया रात्रि विश्राम
गुवाहाटी प्रवास के दौरान जगद्गुरु ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्वशर्मा के निज आवास में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान राज्य के सुख शांति एवं समृद्धि के लिए वहां रुद्राभिषेक, शिवार्चन, भगवान आद्य शंकराचार्य की 2500 साल प्राचीन चरण पादुकाओं पूजन भी किया गया।

नवंबर 2021 से अखंड भारत की यात्रा पर हैं शकराचार्य
प्रवक्ता ने बताया कि शंकराचार्य अधोक्षजानंद देवतीर्थ नवंबर 2021 से 12 ज्योतिर्लिंग एवं 52 शक्तिपीठ यात्रा के अंतर्गत अखंड भारत का भ्रमण कर रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों समेत श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैंड और कंबोडिया की यात्रा सम्पन्न की है। शीघ्र ही वह अखंड भारत के अन्य 12 देशों की भी यात्रा करेंगे।
