Wednesday, March 18Ujala LIve News
Shadow

स्वास्थ्य शिविर में 250 रोगियों का निःशुल्क परीक्षण – डॉ जी एस तोमर

 

स्वास्थ्य शिविर में 250 रोगियों का निःशुल्क परीक्षण – डॉ जी एस तोमर


प्रयागराज
आरोग्य भारती, विश्व आयुर्वेद मिशन एवं सुदर्शन आयुर्वेद एंड वैलनेस सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में हनुमानगंज क्षेत्र के कतवारूपुर गांव में प्रवेक कल्प के सौजन्य से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया जिसमें परामर्श के साथ बीएमडी मशीन के द्वारा हड्डियों की जांच एवं ब्लड शुगर की जांच भी की गई। परामर्शदाता चिकित्सकों में मुख्य रूप से आरोग्य भारती के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) जी एस तोमर, डॉ. सुभाष चंद्र राय, डॉ. अविनाश सिंह एवं आयुर्वेद विभाग से प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अवनीश पाण्डेय ने रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में विशेष रूप से गठिया जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, श्वास रोग एवं पेट संबंधी बीमारी के रोगी मौजूद रहे। डॉ. तोमर ने बसंत ऋतु में उपयोगी आहार विहार दिनचर्या ऋतुचार्य एवं खान-पान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली एवं सुपोषण आरोग्य की आधारशिला हैं । हमें ऋतु, देश, काल के अनुसार ताज़ा एवं सुपाच्य भोजन ग्रहण करना चाहिए । मौसमी फल एवं सब्जियां ही हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक हैं । पिज़्ज़ा, नूडल्स, बर्गर एवं पास्ता जैसे जंक फूड हमारी सेहत के दुश्मन हैं । जहाँ तक हो सके हमें ज्वार, बाजरा, सामा, कोदों, कुटकी, कुट्टू, रामदाना जैसे श्री अन्न को अपनी थाली में स्थान देना चाहिए । इनमें सेहत का ख़ज़ाना छिपा हुआ है । डॉ तोमर ने शिविर में आए किसानों को ऑर्गेनिक खेती के लाभ बताए तथा गाय से मिलने वाले पंचगव्य एवं उसके चिकित्सीय लाभों की विशेष जानकारी साझा की । सुदर्शन आयुर्वेद एंड वेलनेस सेंटर के निदेशक राजेन्द्र सिंह ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर में नि:शुल्क औषधियाँ उपलब्ध कराने के लिए डॉ तोमर ने प्रवेक कल्प, झंडु, एग्रो फार्मा, ऊँझा, ग्रीन फार्मा, वशिष्ठ फार्मा, अक्षय फार्मा, स्वास्थ्यवर्धक एवं वैद्यनाथ फार्मा के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *