देश की ऊर्जा संरचना में मेजा ऊर्जा निगम की भूमिका है बेहद अहम – अशेष चट्टोपाध्याय

रिपोर्ट अतुल तिवारी
– मेजा ऊर्जा निगम में हर्षोल्लास पूर्ण माहौल में मनाया गया 79वा स्वतंत्रता दिवस समारोह, कार्यक्रम में अवर लिटिल किंगडम,बाल भवन, और सेंट जोसफ स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और देशभक्ति गीतों से बिखेरा जलवा हुई प्रशंसा –
मेजा। मेजा ऊर्जा निगम में 79वां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम बड़े ही धूमधान एवं हर्षोल्लास पूर्ण माहौल में भव्यता के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशेष कुमार चट्टोपाध्याय एवं विशिष्ट श्रीमती कृष्णा चट्टोपाध्याय रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि श्री चट्टोपाध्याय द्वारा राष्ट्रध्वज को गरिमापूर्ण तरीके से फहराने और सलामी देने के बाद किया गया। तत्पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सभी दलों से औपचारिक सलामी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित निगम के अधिकारियों कर्मचारियों के प्रति आभार जताया और अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के साथ साथ जिम्मेदारी और सामूहिक विकास के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। समारोह में उन्होंने मेजा ऊर्जा निगम की देश की ऊर्जा संरचना और सतत विकास में निभाई जा रही निरंतर भूमिका को भी उजागर किया। इसी क्रम में अपराजिता महिला समाज की सदस्याओं ने अपनी अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में एक भावपूर्ण देशभक्ति गीत की सराहनीय प्रस्तुति भी किया। निगम के अवर लिटिल किंगडम, बाल भवन, बाल सृजन और सेंट जोसेफ स्कूल के बच्चों ने देशभक्ति, सनातन संस्कृति और उत्साह से भरपूर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुतियां देते हुए जलवा बिखेरा जिसका उपस्थित दर्शकों ने जमकर प्रशंसा किया। कार्यक्रम के दौरान मेजा ऊर्जा निगम में
उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए कर्मचारियों, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कर्मियों और छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बालिका सशक्तिकरण अभियान की बालिकाओं का साइकिल वितरण समारोह भी आयोजित किया गया, जो मेजा ऊर्जा निगम की बालिकाओं को सशक्त बनाने और समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कार्यक्रम के इस मौके पर अविजीत चटर्जी मुख्य महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएं), पंकज कुमार गुप्ता मुख्य महाप्रबंधक (अभियांत्रिकी), नरेंद्र नाथ सिन्हा महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण), डॉ. मनीषा पांडेय मुख्य चिकित्सा अधिकारी,आदित्य कुमार मिश्रा विभागाध्यक्ष (कॉंट्रैक्ट्स एवं सामग्री),विवेक चंद्र विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन), यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा कर्मचारी, उनके परिवार और अपराजिता महिला समाज के सदस्य उपस्थित रहे, जिनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी ने इस समारोह की गरिमा और महत्व को और बढ़ा दिया।
यह समारोह राष्ट्रीय गर्व की गहरी भावना के साथ समाप्त हुआ और सभी उपस्थित लोगों में एक मजबूत, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु नए संकल्पों का संचार हुआ।
