चौक बाजार में पार्किंग को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने की बैठक

उजाला शिखर
प्रयागराज।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, प्रयागराज की एक महत्वपूर्ण बैठक महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चौक बाजार और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती पार्किंग समस्या तथा महाकुंभ के बाद भी पार्किंग चार्ज के मामलों पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने बताया कि चौक बाजार में पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे व्यापारिक गतिविधियाँ प्रभावित होती हैं। व्यापार मंडल ने मांग की कि चौक बाजार और आस-पास के क्षेत्रों में नियमित एवं व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाए जाएं, तरह यातायात को वन वे करा जाए ताकि जाम।की स्थिति ना बने तथा स्थानीय व्यापार सुचारू रूप से संचालित हो सके।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि महाकुंभ के दौरान प्रशासन द्वारा ट्रांसपोर्टिंग और बड़ी गाड़ियों के लिए टोकन प्रणाली लागू की गई थी, जिससे व्यवस्था बेहतर रही, किंतु अब महाकुंभ समाप्त हो जाने के बाद इसको बंद कर देना चाहिए। मंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि इस व्यवस्था को तत्काल बंद कराया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चौक क्षेत्र में वाहन पार्किंग हेतु एक निश्चित स्थान चिन्हित किया जाए, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सके।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से योगेश गोयल (महानगर अध्यक्ष), नवीन अग्रवाल (वरिष्ठ महामंत्री), राजकुमार केसरीवानी (जिला अध्यक्ष), अभिषेक केसरीवानी (महामंत्री), पियूष पांडेय (महामंत्री), रोशनी अग्रवाल (महिला जिला अध्यक्ष), मनोरमा गोस्वामी (महिला महानगर अध्यक्ष), अधिवक्ता मनोज गोस्वामी, हर्ष जैनवाल, नवीन सिंह, विकास वैश्य, रानू अग्रवाल एवं अंशुल अग्रवाल शामिल रहे।
