स्वर्गीय दादू लाल पाण्डेय का त्रयोदशाह संस्कार संपन्न
सांसद उज्ज्वल रमण सिंह एवं पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता ने दी श्रद्धांजलि

प्रयागराज, नैनी। यमुनोत्री नगर स्थित आवास पर रविवार को शिक्षक स्वर्गीय दादू लाल पाण्डेय के त्रयोदशाह संस्कार का आयोजन वैदिक मंत्रोच्चारण और सनातन विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। दिवंगत पाण्डेय जी के पुत्र डॉ. अंबिका पाण्डेय के आवास पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय दादू लाल पाण्डेय का निधन 12 अक्टूबर को हुआ था। वे अपने सरल स्वभाव, अनुशासनप्रिय जीवनशैली और शिक्षा के प्रति समर्पण के लिए समाज में विशेष पहचान रखते थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में अनेक विद्यार्थियों को नैतिकता और संस्कारों का पाठ पढ़ाया, जो आज भी समाज में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहे हैं।
त्रयोदशाह कार्यक्रम में पहुंचे सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “दादू लाल पाण्डेय जी एक उत्कृष्ट शिक्षाविद् और आदर्श व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने कर्म से समाज में शिक्षकों की गरिमा को ऊँचाई दी।”
वहीं, पूर्व मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदा ने उन्हें “सरल, स्नेही और समाजहित में सदैव तत्पर व्यक्ति” बताया।
कार्यक्रम में डॉ मणि शंकर द्विवेदी, डॉ विंध्यवासिनी त्रिपाठी, डॉ मधुकराचार्य त्रिपाठी, एम पी सिंह, जे पी चौबे , राघवेन्द्र प्रताप सिंह, राजेश शुक्ल, कमल कुमार,भगवत कुशवाहा, दिनेश मिश्र , रविन्द्र पटेल,सहित क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और उनके शिष्यगण भी शामिल हुए। सभी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
