चकबंदी प्रक्रिया वाले गांवों में 23 से 28 फरवरी तक चौपाल लगाने का आदेश
लखनऊ । चकबंदी आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने चकबंदी प्रक्रियाधीन ग्रामों में चकबंदी अधिकारी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी एवं उप संचालक चकबन्दी को जनहित में 23 से 28 फरवरी तक
चौपाल लगाकर चकबंदी समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया है।
चकबंदी आयुक्त ने कहा कि चौपाल के माध्यम से कृषकों का फीडबैक प्राप्त किया जाए तथा समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने चकबंदी प्रक्रियाधीन ग्रामों के चकबन्दी अधिकारी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी एवं उप संचालक चकबन्दी को चकबन्दी प्रक्र्रियाधीन गांवों में पृथक-पृथक 02-02 चौपाल आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य से चकबन्दी प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर चौपाल लगाकर किसानों के सामने चकबंदी कार्यों को पूर्ण करने से किसानों के मध्य आपसी विवाद घटेंगे तथा चकबंदी प्रक्रिया भी तेजी से पूरी होगी। उन्होंने चौपाल के माध्यम से आपसी सीमा विवादों और चकों के बंटवारों से जुड़ी समस्याओं को किसानों की सहमति से निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य से भविष्य में खतौनी और गाटा संख्या से संबंधित मुकदमों में भी कमी आयेगी। उन्होंने आयोजन करने के पश्चात संबंधित अधिकारियों को चौपाल में की गयी कार्यवाही से अवगत कराने का निर्देश भी दिया है।
