Sunday, March 1Ujala LIve News
Shadow

संत जोसफ कालेज में ओबी ए पी एल 2026 इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ भव्य समापन

संत जोसफ कालेज में ओबी ए पी एल 2026 इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ भव्य समापन


प्रयागराज
ओल्ड बॉयज ‘ एसोसिएशन ऑफ़ सेंट जोजफ कॉलेज के द्वारा आयोजित इंटर हाउस क्रिकेट टूर्नामेंट ओबीएपीएल 2026 का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह एक अनूठा क्रिकेट आयोजन था, जिसमें चार दशकों के पूर्व छात्रों ने अपनी-अपनी हाउस टीमों के लिए भाग लिया। प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित की गई 2001 एवं उसके बाद (जूनियर्स) तथा 2000 एवं उससे पूर्व (सीनियर्स)।

टूर्नामेंट का शुभारंभ 8 फरवरी 2026 को हुआ। इस पूरे आयोजन की परिकल्पना ओबीए सचिव पीयूष टंडन द्वारा की गई। 2001 एवं उसके बाद की श्रेणी में टीमों के नाम थे गोल्डन फ्यूचर, रेड स्ट्राइकर्स, ग्रीन चैलेंजर्स एवं ब्लू एस्पिरेंट्स; जबकि 2000 एवं उससे पूर्व की श्रेणी में गोल्डन हेरिटेज, रेड एलाइट्स, ग्रीन स्टॉलवर्ट्स एवं ब्लू आइकोन्स शामिल थे।

दोनों श्रेणियों के आठ-आठ लीग मैच 8,15 एवं 22 फरवरी को रविवार के दिन खेले गए। दोनों श्रेणियों के फाइनल मुकाबले 1 मार्च 2026 को आयोजित किए गए। 2001 एवं उसके बाद की श्रेणी का फाइनल रेड स्ट्राइकर्स एवं ब्लू एस्पिरेंट्स के बीच खेला गया, जिसमें विजेता रही ब्लू एस्पिरेंट्स। वहीं 2000 एवं उससे पूर्व की श्रेणी का फाइनल गोल्डन हेरिटेज एवं रेड एलाइट्स के बीच खेला गया, जिसमें विजेता रही गोल्डन हेरिटेज ।

प्रथम फाइनल मैच के आरंभ से पूर्व टीमों का परिचय सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विनीत सरन , जो विद्यालय के पूर्व छात्र एवं ओबीए के संरक्षक सदस्य हैं, तथा फादर वाल्टर डिसेलवा, प्रधानाचार्य, सेंट जोसेफ कॉलेज से कराया गया।

द्वितीय फाइनल मैच गोल्डन हेरिटेज एवं रेड एलाइटस के मध्य खेला गया। इस अवसर पर टीमों का परिचय सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ , जो विद्यालय के पूर्व छात्र एवं संरक्षक सदस्य हैं, तथा माननीय न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा से कराया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि लोईस मसकारेन्हस , बिशप, इलाहाबाद डायोसीज रहे। उन्होंने न्यायमूर्ति सिद्धार्थ वर्मा एवं फादर वाल्टर डी’ सिल्वा के साथ विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए तथा दोनों श्रेणियों के विजेताओं को बधाई दी।

2001 एवं उसके बाद की श्रेणी में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार अजहर उस्मानी (टीम रेड स्ट्राइकर्स) को प्रदान किया गया, जबकि 2000 एवं उससे पूर्व की श्रेणी में यह सम्मान डा अभिषेक शरण (टीम गोल्डन हेरिटेज) को मिला। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी 108 खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर पूर्व छात्र गणमान्य व्यक्तियों एवं ओबीए के पदाधिकारियों में ज्योति दुबे, डॉ. विष्णु देव, कोषाध्यक्ष संजय खंडूजा, संजीव चंदा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ पुरी ने किया, जबकि सचिव पीयूष टंडन ने पुरस्कारों की घोषणा की एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और साथ में ही आयोजन समिति के सभी सदस्यों को धन्यवाद किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *