महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर विद्यालय में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर विद्यालय की एक कल्याणकारी योजना के तहत चलाए जाने वाले महिला स्वावलंबन केन्द्र में दिनांक 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में अनेक सांस्कृतिक व वैचारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गंगा गुरुकुलम् महिला स्वावलंबन केंद्र की महिला प्रशिक्षुओं ने भी समग्र रूप से भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय सचिव श्रीमती कृष्णा गुप्ता, विद्यालय कोषाध्यक्ष श्री रवीन्द्र गुप्ता व महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या श्रीमती अल्पना डे , ऋषिकुलम् के प्रधानाचार्य नित्यानंद तिवारी, प्रभारी वर्ग सहित प्रबंधन समिति के सदस्य व विद्यालय शिक्षक उपस्थित रहे । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व प्रशासनिक जिम्मेदारियों की मुख्य हिस्सा रहीं तथा महिलाओं के हित में काम करने वाली संस्था ‘चेतना’ की वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीमती रंजना कक्कड़ जी विराजमान रहीं । कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री शिव शंकर मिश्रा तथा शिक्षिका अंशुल मालवीय की भक्तिपूर्ण सरस्वती वंदना के माध्यम से मुख्य अतिथियों के करकमलों के द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसी उपक्रम में महिला स्वावलंबन केन्द्र की प्रशिक्षु बालिकाओं द्वारा शिव स्तुति की भावपूर्ण प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया। महर्षि पतंजलि विद्या मंदिर समूह प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्रीमती नीरजा जी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए घर व समाज में निरंतर प्रगति करती स्त्री शक्ति का अभिनंदन किया तथा महिला स्वावलंबन केन्द्र की स्थापना के उद्देश्य व उसके अंतर्गत वंचित वर्ग की प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं की आत्मनिर्भरता व उनकी सफलता को रेखांकित किया। भारतीय संविधान में महिलाओं के अधिकारों को सुनिश्चित व सुरक्षित करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं को याद करते हुए एक विशेष प्रस्तुति के अंतर्गत श्रीमती अम्मू स्वामीनाथन, बेगम एजाज रसूल , श्रीमती हंसा मेहता , श्रीमती सरोजिनी नायडू, दाक्षायनी वेलायुधन , राजकुमारी अमृत कौर दुर्गाबाई देशमुख जैसी इतिहास प्रसिद्ध महिलाओं के दृढ़ संकल्प व उनके योगदान को संदर्भित किया गया। विद्यालय की शाखा गंगा गुरुकुलम् केंद्र की महिला प्रशिक्षुओं द्वारा स्वर और संवाद से युक्त जोश से भरा नृत्य प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि श्रीमती रंजना कक्कड़ जी ने कार्यक्रम की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए समाज में स्त्री समानता और स्त्रियों की आत्मनिर्भरता की दिशा में महिला स्वावलंबन केंद्र जैसी कल्याणकारी संस्थाओं को सोद्देश्य बताया। उन्होंने महिलाओं के हित में कार्य करने वाली स्वयंसेवी संस्था ‘चेतना’ के कार्यों का उल्लेख करते हुए महिलाओं को कानून प्रदत्त अधिकारों की जानकारी, शोषण के विरुद्ध आवाज़ उठाने तथा निरंतर सजग रहने का आह्वान किया।इस अवसर पर महिला स्वावलंबन केन्द्र से प्रशिक्षण प्राप्त करके स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनी जोया खान , कुमारी शिवानी तथा जूही सक्सेना को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सचिव डॉ कृष्णा गुप्ता मैम के द्वारा कार्यक्रम की सफलता पर अपार हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि चाहे कितने भी बंधन हों महिलाओं को अपनी शक्ति पहचानकर आगे बढ़ना चाहिए उन्होंने अपील की अपनी शक्ति और कौशल देकर महिलाओं को मुख्यधारा में शामिल करने से ही स्त्री सशक्तिकरण का सपना साकार होगा । महिला स्वावलंबन केन्द्र की संचालिका द्वारा धन्यवाद ज्ञापित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
