वात्सल्य सेवा समिति के द्वारा डॉ भीम राव अंबेडकर जयंती मनाई गई

प्रयागराज। वात्सल्य सेवा समिति के द्वारा डॉ भीम राव अंबेडकर जयंती के अवसर पर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के उत्थान के उद्देश्य से मलिन बस्ती गऊघाट स्थित बाल सेवा आश्रम में अध्ययनरत बच्चों के लिए निःशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया।
इस आयोजन के तहत आश्रम में रह रहे बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल एवं स्कूल बैग जैसी जरूरी पाठ्य सामग्री प्रदान की गई, ताकि उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना एवं उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करना था।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने अपने हाथों से बच्चों को सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सबसे मजबूत माध्यम है, जिससे कोई भी व्यक्ति अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आश्रम के संचालक वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने डॉ कीर्तिका अग्रवाल का आभार प्रकट किया तथा उन्होने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और समाज के हर सक्षम व्यक्ति को इस दिशा में योगदान देना चाहिए। वात्सल्य सेवा समिति का यह प्रयास न केवल बच्चों के लिए सहायक है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य कर रहा है।
अंत में समिति द्वारा यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में और अधिक बच्चों तक पहुंचकर उन्हें शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में योगदान दे सकें।
