एक रुपए में सामान्य अध्ययन फंडामेंटल कोर्स देगा संस्कृति आई ए एस

प्रयागराज सिविल सेवाओं की तैयारी हेतु देश की मानी जानी संस्था संस्कृति IAS के प्रबंध निदेशक अखिल मूर्ति के द्वारा संस्कृति IAS के कैम्पस में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता में अखिल मूर्ति ने बताया कि इस वर्ष संस्थान से जुड़े 175 से अधिक अभ्यर्थियों ने उ.प्र. लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा 2024 में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है, जो प्रयागराज की शैक्षणिक विरासत को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यद्यपि प्रयागराज सदैव से राष्ट्र निर्माण एवं प्रशासनिक सेवाओं के लिए प्रतिभाशाली युवाओं की भूमि रहा है, इसी गौरवशाली परम्परा को अतीत की धरोहर नहीं बल्कि प्रयागराज के भविष्य की और मजबूत पहचान बनाने हेतु अखिल मूर्ति ने संस्थान की प्रतिबद्धता और उद्देश्य बताया है।
इसी क्रम में संस्कृति IAS द्वारा UPPCS 2024 में चयनित अभ्यर्थियों के सम्मान में एक भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन दिनांक 22 अप्रैल प्रातः 10:30 बजे इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के ऑडिटोरियम में होगा। अखिल मूर्ति ने यह भी बताया कि इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों के कठिन परिश्रम, समर्पण एवं उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ-साथ भावी अभ्यर्थियों को प्रेरित करने का उद्देश्य भी निहित है।
समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति रहेगी, जो चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें मार्गदर्शन एवं प्रेरणा प्रदान करेंगे। उक्त कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सामाजिक न्याय के सिद्धांत को चरितार्थ करते हुए समारोह में उपस्थित सभी अभ्यर्थियों को मात्र एक रुपए में सामान्य अध्ययन फंडामेंटल कोर्स का लोकार्पण करेंगे। यह कोर्स NCERT पर आधारित होगा।
अखिल मूर्ति ने प्रयागराज में सिविल सेवा की तैयारी कर रहे समस्त अभ्यर्थियों से ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ में सहभागिता करने और लाभान्वित होने की अपील की है।
