उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रथम स्थापना दिवस पर किया गया महादान

कौशाम्बी
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रथम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में क्षेत्रीय कार्यालय, कौशांबी परिसर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बैंक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मानव सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट परिचय दिया। कौशाम्बी एवं प्रयागराज क्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कुल 21 यूनिट रक्तदान किया गया, जो जरूरतमंदों के जीवनरक्षक सहयोग हेतु एक महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध हुआ। स्वास्थ्य विभाग की देख-रेख में आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं की स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित रक्त संग्रहण एवं सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की गईं।
यह आयोजन न केवल रक्त की उपलब्धता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा सेवा, सहयोग और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक परिवार की यह सहभागिता सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी सशक्त प्रतिबद्धता एवं जनसेवा के मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
इस अवसर पर कौशाम्बी जनपद के डीडीएम नाबार्ड अनिल कुमार शर्मा, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल कुमार, मुख्य प्रबंधक आशीष राय, वरिष्ठ प्रबंधक दानिश कबीर सिद्दीकी, अमर कांत, प्रबंधक तेज करन पाटीदार, अनुराग सिंह , अमित सिंह सहायक प्रबंधक संतोष कुमार, ऋषभ, रजत, योगेन्द्र सहित अनेक बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने रक्तदान के महत्व पर बल देते हुए इसे समाज सेवा, मानवता एवं जनकल्याण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।
