मालदा में 45 दिन डटे रहे जबलपुर के चंद्रशेखर पटेल, भाजपा को 80 हजार से बढ़त का दावा

जबलपुर/मालदा। पश्चिम बंगाल के संवेदनशील मालदा जिले में विधानसभा चुनाव के दौरान जबलपुर के भाजपा नेता चंद्रशेखर पटेल ने 45 दिनों तक लगातार डटे रहकर संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी के तहत उन्होंने इंग्लिशबाजार विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी।
मालदा जिला हाल के समय में कानून-व्यवस्था की दृष्टि से काफी संवेदनशील रहा है। अप्रैल 2026 के शुरुआती दिनों में हुई एक बड़ी घटना, जिसमें उग्र भीड़ ने न्यायिक अधिकारियों को कई घंटों तक बंधक बना लिया था, ने पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना दिया था। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालातों के बीच चुनावी कार्य करना आसान नहीं था।
इसके बावजूद चंद्रशेखर पटेल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगातार सक्रियता बनाए रखी। इस दौरान युवा सम्मेलन, युवा चौपाल, बूथ स्तरीय बैठकें और घर-घर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई।
पटेल ने बताया कि क्षेत्र की जनता से उन्हें व्यापक समर्थन और स्नेह मिला, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह लगातार बढ़ता रहा। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन के चलते भाजपा इंग्लिशबाजार विधानसभा सीट पर लगभग 80 हजार मतों की बढ़त की ओर अग्रसर है।
उन्होंने इस संभावित जीत को लोकतंत्र में जनता के विश्वास, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निष्ठा का परिणाम बताया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं, युवा साथियों और क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
