मनोज गुप्ता सहित प्रयागराज के पांच कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी सम्मान से सम्मानित किया गया

प्रयागराज l जन भवन (राज भवन) लखनऊ उत्तर प्रदेश के गांधी सभागार में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ द्वारा आयोजित अकादमी सम्मान समारोह 2026 में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 2021 2022 2023 सन 2024 के लिए चयनित अकादमी सम्मान, सफदर हाशमी सम्मान एवं बीएम शाह सम्मान सहित कुल 51 विशिष्ट कलाकारों को जो संगीत,नृत्य, नाटक एवं लोक कलाओं के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान उत्कृष्ट सृजन,साधना तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रयागराज के चर्चित एवं प्रसिद्ध कलाकार मनोज कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश सरकार का संगीत का सबसे प्रतिष्ठित एवं सर्वोच्च सम्मान संगीत नाटक अकादमी अवार्ड 2023 के सुगम संगीत गायन वर्ग में प्रदान किया गया l विदित हो कि मनोज कुमार गुप्ता ने पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से देश एवं प्रदेश के कई प्रत्याशी प्रतिष्ठित महोत्सव एवं सरकारी गैर सरकारी मंचों पर अपनी सफलतम प्रस्तुति देते आए हैं इसके साथ ही उन्हें विभिन्न संस्थाओं द्वारा विशिष्ट सम्मानों से भी नवाजा जा चुका है उन्होंने देश के कई प्रतिष्ठित गायको के साथ मंच भी साझा किया तथा उनके कई एल्बम भी रिलीज हो चुके हैं साथ ही साथ उन्होंने कई राज्यपालों मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री तथा राष्ट्रपति उपराष्ट्रपति के समक्ष भी अपनी प्रस्तुतियां देकर सम्मानित हो चुके हैं l वर्तमान में वह रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर प्रयागराज में संगीताचार्य के पद पर कार्यरत हैं l
मनोज गुप्ता के अतिरिक्त शहर के और भी चार कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित किया गया है जिनमें श्रीकांत वैश्य (लोक संगीत ),अनूप कुमार बनर्जी (तबला वादन), पंकज कुमार श्रीवास्तव (तबला वादन) एवं सुषमा शर्मा (रंगमंच) हैं l समस्त सम्मानित होने वाले कलाकारों को ताम्रपत्र अंग वस्त्र जूट का बैग एवं 10100/= प्रदान किया गया है l
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने माननीय राज्यपाल महोदया का संदेश उपस्थित जनों को पढ़कर सुनाया l राज्यपाल महोदय ने अपने संदेश में सम्मानित कलाकारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल सृजनशील एवं सफल भविष्य की कामना की और कहा कि सम्मानित कलाकारों के प्रयासों से हमारी सांस्कृतिक विरासत न केवल संरक्षित हुई है बल्कि समाज के साथ और अधिक सशक्त एवं समृद्ध भी हुई है l
सम्मान समारोह में प्रमुख रूप से विशेष सचिव संस्कृति संजय कुमार सिंह, अकादमी के अध्यक्ष जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह एवं सचिव डॉ शोभित कुमार नाहर सहित संस्कृति विभाग, संगीत नाटक अकादमी के अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा पत्रकारों एवं गणमान्य व्यक्तियों सहित सभी सम्मानित होने वाले कलाकार उपस्थित थे l कार्यक्रम का संचालन अलका निवेदन ने तथा धन्यवाद ज्ञापन राज्यपाल महोदया के विशेष कार्य कार्याधिकारी सुधीर बोबडे ने किया l
