*प्रयागराज के स्टेशन मास्टरों ने बैज पहनकर जताया विरोध, वृक्षारोपण कर दिया एकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश*

ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (AISMA) के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित राष्ट्रव्यापी “डिमांड डे” के अंतर्गत प्रयागराज क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों—प्रयागराज जंक्शन, नैनी, छिवकी, सूबेदारगंज, मनौरी एवं बम्हरौली—पर स्टेशन मास्टरों ने ड्यूटी के दौरान मांग बैज धारण कर अपनी वर्षों से लंबित मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। विभिन्न स्टेशनों पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भारत का संदेश भी दिया गया।
इस दौरान स्टेशन मास्टरों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सुरक्षित, संरक्षित एवं समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित किया। विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा तथा कहीं भी रेल परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। स्टेशन मास्टरों ने मांग बैज पहनकर संगठन के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित की और लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।
AISMA प्रयागराज मंडल के अध्यक्ष इंद्रसेन ने बताया कि स्टेशन मास्टर रेल संचालन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो चौबीसों घंटे यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए कार्य करते हैं। इसके बावजूद उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं। डिमांड डे के माध्यम से स्टेशन मास्टरों ने अपनी न्यायोचित मांगों की ओर रेलवे प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित किया है।
मंडल सचिव ज्ञानेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा कि संगठन न्यायसंगत कैडर रिस्ट्रक्चरिंग, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, सभी रात्रि ड्यूटी करने वाले स्टेशन मास्टरों को बिना सीलिंग के रात्रि ड्यूटी भत्ता, पदोन्नति के बेहतर अवसर, कार्यभार के अनुरूप सुविधाएं तथा इंटर-जोनल एवं इंटर-डिवीजनल ट्रांसफर नीति के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि देशभर के स्टेशन मास्टर अपनी जायज मांगों के लिए एकजुट हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
डिमांड डे के अवसर पर प्रयागराज मंडल के स्टेशन मास्टरों ने एक ओर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर अपनी मांगों के समर्थन में संगठनात्मक एकता और प्रतिबद्धता का परिचय भी दिया।
