Friday, July 31Ujala LIve News
Shadow

“संरक्षा सर्वोपरि” के संकल्प के साथ प्रयागराज रनिंग रूम में मुख्य लोको निरीक्षकों की संगोष्ठी, निरीक्षण एवं वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न !


प्रयागराज, 30 जुलाई 2026 उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज रनिंग रूम के निरीक्षणोंपरांत मुख्य बिजली लोको इंजीनियर उत्तर मध्य रेलवे संजय कुमार तिवारी ने प्रयागराज मंडल के मुख्य लोको निरीक्षकों के साथ सीधे संवाद किया। संरक्षा संवाद संगोष्ठी में डीडीयू, छिवकी, प्रयागराज, कानपुर, टूंडला एवं खुर्जा सहित विभिन्न मंडलों के लगभग 50 मुख्य लोको निरीक्षकों ने सहभागिता की ! संगोष्ठी शून्य दुर्घटना, गुणवत्तापूर्ण काउंसिलिंग, तकनीकी दक्षता तथा संरक्षा संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित की गयी जिसमें कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य बिजली लोको इंजीनियर संजय कुमार तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ मंडल बिजली लोको इंजीनियर (परिचालन) आकाश श्रीनेत्र रहे। उन्होंने कहा कि मुख्य लोको निरीक्षक केवल निरीक्षक नहीं, बल्कि संरक्षा संस्कृति के संवाहक, प्रशिक्षक और मार्गदर्शक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि “एक प्रभावी काउंसिलिंग, एक सार्थक निरीक्षण तथा समय पर दिया गया उचित मार्गदर्शन अनेक औपचारिक कार्यवाहियों से कहीं अधिक प्रभावी सिद्ध होता है। वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (परि.) आकाश श्रीनेत्र ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक मुख्य लोको निरीक्षक का कार्य ऐसा होना चाहिए जिसका प्रत्यक्ष प्रभाव संरक्षा, समयपालन, अनुशासन, कार्यकुशलता तथा लोको पायलटों के सकारात्मक व्यवहार में स्पष्ट रूप से दिखाई दे। उन्होंने संवाद आधारित नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन को सुरक्षित संचालन की आधारशिला बताया। संगोष्ठी में रेल संरक्षा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। इनमें SPAD की रोकथाम, शून्य दुर्घटना का लक्ष्य, प्रतिकूल मौसम में सुरक्षित संचालन, संरक्षा नियमों का शत-प्रतिशत पालन, आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग, गुणवत्तापूर्ण काउंसिलिंग तथा लोको पायलटों के सतत कौशल विकास जैसे विषय प्रमुख रहे। मुख्य लोको निरीक्षकों ने संचालन के दौरान आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा करते हुए बेहतर समन्वय हेतु अपनी अपनी राय दी, जिसमें राजीव गुप्ता, सतीश कुमार, बृजेश कुमार, एम के साहू, एन एन एन तिवारी, एसके तिवारी, वी के गर्ग, एस एन द्विवेदी, एस के शर्मा आदि प्रमुख रहे, सहायक मंडल बिजली इंजीनियर संजय सिंह ने संरक्षित संचालन में लोको निरीक्षक की भूमिका को अग्रणी बताते हुए अपना अनुभव साझा किया और परिचालन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के सुझाव भी दिये। संगोष्ठी का सफल संचालन वासुदेव पाण्डेय मुख्य क्रू नियंत्रक सामान्य प्रयागराज ने किया ! संगोष्ठी के उपरांत प्रयागराज रनिंग रूम परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें अधिकारियों एवं मुख्य लोको निरीक्षकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित रेलवे तथा स्वच्छ परिसर का संदेश दिया। इस अवसर पर परिसर की हरियाली एवं सौंदर्य संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सभी उपस्थित अधिकारियों ने सराहना की और इसे आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। कार्यक्रम का संचालन कर रहे मुख्य क्रू नियंत्रक (सामान्य) वासुदेव पाण्डेय ने सभी अतिथियों, मुख्य लोको निरीक्षकों एवं उपस्थित प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए रनिंग परिवार के रक्तदाताओं के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया! वृक्षदान, वृक्षारोपण कार्यक्रम में सभी मुख्य लोको निरीक्षकों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे “संरक्षा सर्वोपरि” के मूल मंत्र को अपने प्रत्येक कार्य का आधार बनाते हुए सुरक्षित, समयबद्ध, अनुशासित एवं त्रुटिरहित रेल संचालन के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में रनिंग रूम की उत्कृष्ट व्यवस्था पर मुख्य बिजली इंजीनियर उत्तर मध्य रेलवे ने पुरस्कार की घोषणा की !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *