Sunday, September 13Ujala LIve News
Shadow

अतिक्रमण हटाने की मुहिम पूरे शहर में चलाने और सड़कों के गड्ढे भरने की मांग

 

अतिक्रमण हटाने की मुहिम पूरे शहर में चलाने और सड़कों के गड्ढे भरने की मांग

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में व्यापारियों के हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

प्रयागराज। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज होटल यश पदम में महानगर अध्यक्ष श्री योगेश गोयल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में शहर के व्यापारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में महानगर अध्यक्ष श्री योगेश गोयल ने शहर में प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में उठाया गया यह कदम सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि आम जनता और व्यापारियों दोनों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम केवल चौक क्षेत्र तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे शहर में समान रूप से चलायी जाए। उन्होंने कहा कि कल्ट्रा, सिविल लाइंस, जीरो रोड, नैनी सहित शहर के अन्य प्रमुख बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में भी अभियान चलाकर सड़कों को व्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभियान के दौरान व्यापारियों के हितों और उनकी वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समन्वय के साथ कार्रवाई की जाए।

बैठक वरिष्ठ महामंत्री नवीन अग्रवाल नें कहा की बरसात के कारण शहर की सड़कों पर जगह-जगह हुए गड्ढों को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश के बाद कई प्रमुख मार्गों और बाजारों में सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनसे राहगीरों, वाहन चालकों और व्यापारियों को भारी परेशानी हो रही है।

श्री योगेश गोयल ने कहा कि आगामी समय व्यापार की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। दुर्गा पूजा, दशहरा एवं दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान बाजारों में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए निकलते हैं और यही समय व्यापारियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी सीजन होता है। ऐसे में यदि सड़कों पर गड्ढे बने रहे तो आम जनता के साथ-साथ व्यापारियों को भी गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ेगा और बाजारों में आवागमन भी प्रभावित होगा।

श्री पवन कुमार समीर नें कहा की प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की कि त्योहारों से पहले शहर की सभी प्रमुख सड़कों और बाजारों में बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरवाया जाए तथा जहां सड़कें अधिक क्षतिग्रस्त हैं, वहां आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराया जाए। श्री अनूप श्रीवास्तव नें कहा कि व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम बाजार न केवल आम नागरिकों के लिए आवश्यक हैं, बल्कि इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में प्रिया पाराशर न इस बात पर भी जोर दिया कि त्योहारों के मद्देनजर बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, पार्किंग एवं प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि आने वाले त्योहारी सीजन में व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को बेहतर वातावरण मिल सके।

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन व्यापारियों की इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर के बाजारों को बेहतर, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

बैठक मे वरिष्ठ महामंत्री नवीन अग्रवाल उपाध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, प्रिया पाराशर, अनूप श्रीवास्तव चंद्रशेखर जी, अभिषेक केशरवानी, विकास वैश्य आदि उपस्थित रहें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *