Sunday, September 13Ujala LIve News
Shadow

महाराजा अग्रसेन जयंती को भव्य बनाने की तैयारी तेज अग्रवाल युवा मंडल की साधारण सभा में युवा सहभागिता, सेवा और सामाजिक एकता पर जोर

 

महाराजा अग्रसेन जयंती को भव्य बनाने की तैयारी तेज

अग्रवाल युवा मंडल की साधारण सभा में युवा सहभागिता, सेवा और सामाजिक एकता पर जोर 

प्रयागराज 13 सितम्बर, अग्रवाल युवा मंडल की साधारण सभा रविवार को सिविल लाइंस स्थित होटल रीजेंसी में आयोजित हुई। सभा में आगामी महाराजा अग्रसेन जयंती 2026 को भव्य एवं प्रभावशाली रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। आयोजन में समाज के युवाओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने, विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा समाज की एकता और सेवा भावना को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि पीयूष रंजन अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि हरिश चंद्र अग्रवाल ‘बिल्लू भैया’, जयंती संयोजक सीए विनय गोयल सहित समाज के वरिष्ठजन मनोज अग्रवाल, अभिषेक मित्तल, मनीष गोयल, आदेश गोयल, अजीत बंसल आदि उपस्थित रहे।

अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों एवं युवा साथियों का स्वागत करते हुए मंडल की आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती समाज के गौरव और सामाजिक एकजुटता का पर्व है। इसके सफल आयोजन के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी युवा साथियों से पूरे उत्साह के साथ जयंती के कार्यक्रमों में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन युवा मंडल के सह मंत्री अंकित अग्रवाल ने प्रभावशाली एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया। उन्होंने कार्यक्रम के विभिन्न चरणों को सहजता से आगे बढ़ाते हुए युवाओं को आगामी आयोजनों से सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

जयंती संयोजक सीए विनय गोयल का परिचय तुषार गुप्ता ने प्रस्तुत किया तथा उनके सामाजिक योगदान एवं आगामी दायित्वों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात सीए विनय गोयल ने महाराजा अग्रसेन जयंती 2026 के प्रस्तावित कार्यक्रमों, तैयारियों एवं आयोजन की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि जयंती को यादगार बनाने के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा और समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी।

युवा मंडल के महामंत्री वैभव गोयल ने मंडल द्वारा पिछले वर्षों में किए गए सामाजिक एवं सेवा कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि युवा मंडल द्वारा अब तक 35 से अधिक सेवा कार्य किए जा चुके हैं, जिनमें रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि मंडल भविष्य में भी सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जयंती केवल एक धार्मिक या सामाजिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, सेवा, सहयोग और युवा शक्ति को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि आज का युवा यदि अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को समाजहित से जोड़ दे तो बड़े सकारात्मक बदलाव संभव हैं। जयंती के माध्यम से समाज की सकारात्मक गतिविधियों, सेवा कार्यों और युवाओं की रचनात्मक भागीदारी को व्यापक स्तर पर सामने लाया जाएगा। उन्होंने सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल दर्शक बनकर नहीं, बल्कि आयोजन की जिम्मेदारी लेकर सक्रिय सहभागी बनें।

सभा में उपस्थित युवा साथियों ने आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपने सुझाव एवं विचार रखे। सभी ने समाज की एकता, सेवा भावना, संगठनात्मक मजबूती तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी को और सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की।

सभा में 40 से अधिक युवा साथियों की सक्रिय सहभागिता रही। अंत में वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशुतोष गोयल ने सभी अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों एवं युवा साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सभा का समापन महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों, समाज की एकता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने तथा आगामी महाराजा अग्रसेन जयंती 2026 को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ संपन्न हुआ ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *