श्री कटरा बारवारी के द्वारा भूमि पूजन संपन्न,होंगे पारंपरिक आयोजन

प्रयागराज, 15 सितंबर। आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों के क्रम में श्री कटरा दुर्गा पूजा कमेटी के द्वारा मंगलवार सायं स्टैंनली रोड स्थित सारस्वत पैलेस प्रांगण में विधि-विधान पूर्वक भूमि पूजन संपन्न किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर पंडाल निर्माण और उत्सव के निर्विघ्न पूरा होने व मां दुर्गा के भव्य आगमन की प्रार्थना की गई। खूंटी पूजा द्वारा पंडाल के मुख्य बांस को जमीन में स्थापित कर अनुष्ठान किया गया । इसे धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ देखा जाता है ।
पूजा कमेटी के प्रधान सचिव अभिन्न वार्ष्णेय ने बताया कि कतिपय कारणोंवश इस वर्ष से श्री कटरा बारवारी की दुर्गा पूजा स्थानांतरित कर सारस्वत पैलेस में संपन्न होगी । बताया कि भूमि पूजन के साथ ही दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है। मां दुर्गा की कृपा से इस वर्ष भी पूजा महोत्सव को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा। जो
हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ समृद्धि सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपरा का भी प्रतीक है। भूमि पूजन के बाद पंडाल निर्माण सहित अन्य तैयारियों में तेजी आएगी। बताया कि कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं पूजा महोत्सव को भव्य व सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इस अवसर पर श्रीमंतो बनर्जी, अवीक शाहा, प्रदीप प्रमाणिक, राजन चतुर्वेदी, तरुण बनर्जी, राजेश श्रीवास्तव, आयान शाहा, सौरभ बसू, चंद्रकेश मिश्रा, विष्णु देव, आलोक दास आदि उपस्थित रहे।
