नेहरू ग्राम भारती विश्वविद्यालय में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ हेतु मेगा इवेंट आयोजित: युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प

प्रयागराज। नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय के जमुनीपुर परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के अंतर्गत एक विशेष मेगा इवेंट का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘माई भारत’ (MY Bharat) पोर्टल पर पंजीकरण कराकर क्विज प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जमुनीपुर परिसर के निदेशक डॉ. आलोक कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं और उन्हें ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के साथ-साथ राष्ट्रीय पटल पर उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसएस के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार मिश्र ने प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि क्विज के बाद अगला चरण निबंध लेखन का होगा। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित युवाओं को आगामी 10 से 12 जनवरी को भारत मंडपम, नई दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद करने का स्वर्णिम अवसर मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित है।
इस अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्पना के तहत छात्र-छात्राओं को स्वयं नशा से दूर रहने तथा समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
विद्यार्थियों को पोर्टल पर पंजीकरण की तकनीकी प्रक्रिया समझाने में डॉ. अभिषेक तिवारी एवं डॉ. उत्तम कुमार ने विशेष भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. शिवाश्रेय यादव, डॉ. किरण सिंह, डॉ. प्रतिमा मिश्रा, डॉ. रमेंद्र तिवारी,डॉ. प्रदीप मिश्रा, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. रत्न कुमार पांडे, डॉ. विधु शेखर, डॉ. साधना त्रिपाठी, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोनिका सिंह व डॉ. रितेश सिंह की उपस्थिति के साथ-साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया।
