Friday, October 23Ujala LIve News
Shadow

प्रयागराज में सजेगा सिनेमा, संस्कृति और सृजन का संगम 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय इंटरनेशनल प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन

प्रयागराज में सजेगा सिनेमा, संस्कृति और सृजन का संगम

30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक तीन दिवसीय इंटरनेशनल प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन

इंटरनेशनल प्रयागराज फ़िल्म फेस्टिवल का अवार्ड हुआ लांच

युवा फिल्मकारों को मिलेगा मंच, आधुनिक फिल्म तकनीक पर होगा संवाद, लोकभाषाओं के कलाकारों को मिलेगा विशेष सम्मान
उजाला शिखर
प्रयागराज।

साहित्य, संस्कृति और संगम की ऐतिहासिक नगरी प्रयागराज अब सिनेमा, रचनात्मकता और आधुनिक तकनीक के एक अनूठे संगम की साक्षी बनने जा रही है। आगामी 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय इंटरनेशनल प्रयागराज फिल्म फेस्टिवल 2026 की रूपरेखा प्रस्तुत की गई।

माधुबाला फिल्म्स के तत्वावधान में आयोजित इस फिल्म महोत्सव का उद्देश्य सिनेमा को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर सामाजिक संवेदनाओं, सांस्कृतिक विरासत, नवाचार और युवा प्रतिभाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम बनाना है।

आयोजन की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए मालवीय जी ने कहा—

“कुछ कहानियाँ किताबों में लिखी जाती हैं, कुछ इतिहास में दर्ज होती हैं और कुछ पर्दे पर उतरकर हमारी स्मृतियों का हिस्सा बन जाती हैं। सिनेमा की वास्तविक शक्ति यही है कि वह केवल दिखाई नहीं देता, बल्कि हमारे भीतर घटित होता है।”

उन्होंने कहा कि प्रयागराज केवल नदियों का संगम नहीं, बल्कि विचारों, साहित्य और संस्कृति का भी संगम है। इस आयोजन का प्रयास है कि शहर की इसी समृद्ध विरासत को आधुनिक सिनेमा और नई पीढ़ी की रचनात्मकता से जोड़ा जाए।

तीन दिन, तीन विशेष आयाम

30 अक्टूबर —( स्थान होटल प्रयाग इन) अभिव्यक्ति एवं संस्कृति का उत्सव

महोत्सव का उद्घाटन मुख्य अतिथि नन्द गोपाल गुप्ता जी की उपस्थिति में फिल्मकारों एवं कलाकारों से संवाद तथा सिनेमा के सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों पर चर्चा के साथ होगा।

31 अक्टूबर —
(स्थान होटल प्रयाग इन) नवाचार, तकनीक एवं युवा सृजन

दूसरे दिन फिल्म निर्माण, पटकथा लेखन, निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर विशेषज्ञ संवाद एवं कार्यशालाएँ प्रस्तावित हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को फिल्म निर्माण की आधुनिक संभावनाओं से परिचित कराना है।

1 नवंबर —( स्थान मोतीलाल नेहरू नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एमपी हॉल) प्रतिभा का सम्मान एवं समापन समारोह

महोत्सव के अंतिम दिन मुख्य अतिथि उप मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्या जी के उपस्थिति मेंचयनित फिल्मों एवं उत्कृष्ट रचनात्मक योगदान को सम्मानित करने के साथ समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

अवधी, भोजपुरी, ब्रज और बुंदेलखंडी कलाकारों को विशेष मंच
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष डा अमित त्रिपाठी ने बताया कि
फिल्म महोत्सव का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य क्षेत्रीय सिनेमा एवं लोकभाषाओं की सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहित करना है। अवधी, भोजपुरी, ब्रज और बुंदेलखंडी जैसी भाषाओं में रचनात्मक योगदान देने वाले कलाकारों को सम्मानजनक मंच प्रदान करने पर विशेष जोर रहेगा।

मधुबाला फिल्मचेयरमैन आलोक मालवीय ने कहा—

“जिस भाषा में हमारी माँ ने पहली लोरी सुनाई, उस भाषा में कही गई कहानी भी विश्व के किसी बड़े मंच पर सम्मान पाने की अधिकारी है। लोकभाषाओं का सम्मान हमारी सांस्कृतिक जड़ों का सम्मान है।”

युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर
आयोजन समिति में आईटी का कार्य कर रही डा गरिमा कुशवाहा ने बताया कि
आयोजन का उद्देश्य प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों की उभरती प्रतिभाओं को फिल्म निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों से परिचित कराना तथा अनुभवी कलाकारों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर उपलब्ध कराना है।

तकनीक ने कैमरा लगभग हर हाथ में पहुँचा दिया है, लेकिन एक अच्छी फिल्म के लिए तकनीक के साथ मानवीय संवेदना और मौलिक दृष्टि भी आवश्यक है।

“तकनीक दृश्य बना सकती है, लेकिन उस दृश्य को आत्मा मनुष्य की संवेदना ही देती है।”

मीडिया से रचनात्मक सहयोग की अपील

मीडिया प्रतिनिधियों से आयोजन को केवल एक सांस्कृतिक समारोह के रूप में नहीं, बल्कि प्रयागराज की रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की पहल के रूप में देखने का आग्रह किया गया।

आयोजन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव फिल्मकारों, कलाकारों, युवाओं और सिनेमा प्रेमियों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करने में सहायक होगा।

“हमारा उद्देश्य केवल तीन दिनों का उत्सव आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रयागराज में सृजन, संवेदना और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति की एक नई परंपरा की शुरुआत करना है।”

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों ने फिल्म महोत्सव की प्रस्तावित गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी साझा की तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रश्नों के उत्तर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *