Sunday, November 22Ujala LIve News
Shadow

अखिल भारतीय महिला परिषद के 100 गौरवशाली वर्ष पूर्ण – देशभर में शताब्दी समारोह, प्रयागराज में मैराथन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

 

अखिल भारतीय महिला परिषद के 100 गौरवशाली वर्ष पूर्ण – देशभर में शताब्दी समारोह, प्रयागराज में मैराथन एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

 

Screenshot
Screenshot
Screenshot
Screenshot

प्रयागराज,

महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली प्रतिष्ठित संस्था अखिल भारतीय महिला परिषद (All India Women’s Conference – AIWC) ने अपने गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण किए हैं। इस ऐतिहासिक शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज 22 नवंबर को देशभर में परिषद की विभिन्न शाखाओं द्वारा विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इसी राष्ट्रीय आयोजन की कड़ी में अखिल भारतीय महिला परिषद की सुबोधिनी सिटी ब्रांच, प्रयागराज द्वारा रविवार को कंपनी बाग में विशेष मैराथन का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे कंपनी बाग के गेट नंबर 1 से हुआ तथा मैराथन गेट नंबर 3 तक आयोजित की गई। इस आयोजन में लगभग 200 से 250 महिलाओं ने पूरे जोश, उमंग और उत्साह के साथ सहभागिता की। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण बच्चों और अभिभावकों के बीच बढ़ती भावनात्मक दूरी पर आधारित एक लघु नाटक रहा। आज के समय में बच्चे धीरे-धीरे अपने परिवार और माता-पिता से दूर होते जा रहे हैं। इस नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि माता-पिता को अपने बच्चों के साथ पर्याप्त समय बिताना चाहिए, उनकी भावनाओं को समझना चाहिए और उनके जीवन, गतिविधियों एवं संगति पर ध्यान देना चाहिए। बच्चों को केवल सुविधाएँ ही नहीं, बल्कि माता-पिता का समय, संवाद, अपनापन और सही मार्गदर्शन भी चाहिए। इस प्रस्तुति ने परिवारों में आपसी संवाद और मजबूत रिश्तों की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से उजागर किया।

इस अवसर पर शाखा की अध्यक्ष श्रीमती नीतू केसरवानी ने कहा कि अखिल भारतीय महिला परिषद के 100 वर्ष केवल एक संस्था की उपलब्धि नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान, शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक परिवर्तन के लिए किए गए निरंतर प्रयासों की गौरवशाली यात्रा है। शताब्दी वर्ष में ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूकता फैलाने और एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चावला, श्रीमती सारिका अग्रवाल राठौर एवं श्रीमती रश्मि अग्रवाल रहीं।

सुबोधिनी सिटी ब्रांच, प्रयागराज महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। इस आयोजन के माध्यम से शाखा ने अखिल भारतीय महिला परिषद की 100 वर्षों की गौरवशाली विरासत को नमन करते हुए भविष्य में भी समाज के उत्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

100 वर्ष की गौरवशाली यात्रा – नारी सशक्तिकरण की निरंतर प्रतिबद्धता!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *