दरियाबाद में गंदगी का ढेर मिलने पर मंत्री नन्दी ने जोनल अधिकारी को लगाई फटकार

*सुलभ शौचालय में पाले जा रहे थे सुअर, दरवाजे पर लगा था ताला*
*मन की बात में सम्मिलित होने के बाद निरीक्षण के दौरान सामने आई खामियां*
*24 घंटे के अंदर कमियां दूर करने का अल्टिमेटम मिलते ही जागा नगर निगम प्रशासन*
रविवार को अपने प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के मुट्ठीगंज मंडल के बूथ नंबर 177 दरियाबाद में मन की बात कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने दरियाबाद खटिकाना बस्ती का भ्रमण किया तो वहां जगह जगह गंदगी का ढेर मिला। वहीं सुलभ शौचालय का ताला बंद कर उसमें सुअरों को पाला जा रहा था। यह नजारा देख मंत्री नन्दी का गुस्सा भड़क उठा। मंत्री नन्दी ने नगर निगम के जोनल अधिकारी को फटकार लगाते हुए 24 घंटे के अंदर बेहतर सफाई व्यवस्था की हिदायत दी।
दरियाबाद में मन की बात कार्यक्रम स्थल के आस-पास के एरिया में मंत्री नन्दी ने भ्रमण किया, विकास कार्यों का निरीक्षण किया तो जगह-जगह गंदगी का ढेर पड़ा हुआ दिखाई दिया। जिस पर मंत्री नन्दी ने नगर निगम के जोनल अधिकारी को बुला कर फटकार लगाई। कहा कि शहर की मलिन और पिछड़ी बस्तियों में साफ-सफाई व मूलभूत सुविधाओं में इस तरह की लापरवाही और मनमानी कत्तई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री नन्दी ने जोनल अधिकारी को साथ लेकर दरियाबाद इलाके में भ्रमण किया। जगह-जगह गंदगी का ढेर मिलने और सफाई व्यवस्था बेहतर न होने पर जोनल अधिकारी को फटकार लगाते हुए मंत्री नन्दी ने तत्काल बेहतर सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान मंत्री नन्दी जोनल अधिकारी के साथ दरियाबाद खटिकान बस्ती में स्थित सुलभ शौचालय के पास पहुंचे तो शौचालय बंद मिला। शौचालय के बाहर मेन गेट पर ताला लगा था, लेकिन शौचालय के अंदर सूअरों का झुण्ड दिखाई दिया। शौचालय के अंदर सूअर पाले गए थे। जिस पर मंत्री नन्दी ने जोनल अधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि 24 घंटे का समय दिया जा रहा है। 24 घंटे के अंदर सफाई व्यवस्था बेहतर नहीं हुई, शौचालय का ताला तोड़ कर सूअरों को बाहर निकाल कर शौचालय आम जनता के लिए खोला नहीं गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
