UP लोक सेवा आयोग में लड़कियों ने बनाया रिकॉर्ड,टॉप 10 में 8 स्थानों पर किया कब्जा

रिपोर्ट:पुनीत कुमार मालवीय
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की 2022 की परीक्षा UPPSC-2022 में लड़कियों ने रिकॉर्ड तोड़ सफलता हासिल की है। आयोग की टॉप टेन लिस्ट में सिर्फ़ दो पुरुषों ने जगह बनाने में कामयाबी पाई। वह भी पांचवें और दसवें नंबर पर हैं। 8 महिलाओं ने इस लिस्ट में जगह बना कर पिछले सभी रेकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं।
आयोग की सूचना के अनुसार कुल चुने गए 364 पीसीएस अफ़सरों में 110 महिलाएं हैं। उधर, आयोग ने रेकॉर्ड 10 महीनों परीक्षा संपन्न कराकर प्रतियोगी परीक्षार्थियों का भरोसा जीतने में सफलता पाई है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से टॉप टेन लिस्ट जारी की गई है इसमें आगरा की दिव्या सिकरवार ने पहला स्थान हासिल किया है। दूसरा स्थान लखनऊ की प्रतीक्षा पांडे, तीसरा स्थान बुलंदशहर की नम्रता सिंह, चौथा स्थान उत्तराखंड की आकांक्षा गुप्ता को मिला है।
चार महिलाओं के बाद पाँचवा स्थान अंबेडकरनगर के कुमार गौरव दुबे ने हासिल किया है, छठवें स्थान पर लखनऊ की सल्तनत परवीन आई हैं।
सातवें स्थान पर मध्य प्रदेश की निवासी मोहनिशा बानो और आठवें स्थान पर प्रयागराज की प्राजक्ता त्रिपाठी, नौवें स्थान पर आगरा की ऐश्वर्या दुबे आने में कामयाब रही हैं। दसवें स्थान पर गोण्डा के संदीप कुमार तिवारी हैं।
पीसीएस परीक्षाओं में कभी पुरुषों के वर्चस्व वाली टॉप टेन में यह पहला मौक़ा है जब एक नंबर से चार नंबर और 6 से नौ नंबर तक लगातार महिलाओं ने बाज़ी जीती है।
