Tuesday, March 17Ujala LIve News
Shadow

शहीदों को नमन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री नंदी और विधायक हर्षवर्धन

शहीदों को नमन करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री नंदी और विधायक हर्षवर्धन


शहीद वॉल पर वृक्षारोपण और दीप प्रज्वलन कर दी श्रद्धांजलि, अमर ज्योति की स्थापना का दिया आश्वासन

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ और शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने रविवार को सिविल लाइंस स्थित शहीद वॉल पर पहुंचकर देश के अमर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों की स्मृति में एक वृक्ष लगाया और एक दीप प्रज्वलित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंत्री नंदी ने शहीद वॉल पर लगे सभी शहीदों के चित्रों को नजदीक से देखा और उनके जीवन से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की। अपने संबोधन में कहा कि देश की आज़ादी की लड़ाई में सभी धर्म, जाति और वर्ग के लोगों ने एकजुट होकर बलिदान दिया। आज उसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा, “हम रहें या न रहें, लेकिन देश का गौरव हमेशा बना रहना चाहिए।”

इस मौके पर शहीद वॉल के संस्थापक वीरेंद्र पाठक ने मंत्री के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा, जिसमें वॉल परिसर में ‘अमर ज्योति’ की स्थापना की मांग की गई। इस पर मंत्री नंदी ने आश्वासन दिया कि वे इस प्रस्ताव को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाएंगे और इसे यथासंभव पूरा कराने का प्रयास करेंगे।

विधायक हर्षवर्धन बाजपेई ने भी कार्यक्रम में वृक्षारोपण करते हुए कहा कि, “अब इस शहीद वॉल से मेरी भी यादे जुड़ गयी है। जब भी मैं यहां से गुजरूंगा तो इस पेड़ को बढ़ता देखूंगा और शहीदों को नमन कर अपनी भावनाओं को ताजा करूंगा।” उन्होंने अमर ज्योति की मांग को पूरी तरह जायज बताते हुए कहा कि शीघ्र ही इसकी स्थापना हेतु हर संभव प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का संयोजन शहीद वॉल के संस्थापक वीरेंद्र पाठक ने किया एवं संचालन डॉ. प्रमोद शुक्ला ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, व शहीद परिवारों के परिजन सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *