Thursday, January 29Ujala LIve News
Shadow

रांझी में धूमधाम से निकला विशाल जवारे जुलूस, गोकलपुर तालाब में हुआ विसर्जन

रांझी में धूमधाम से निकला विशाल जवारे जुलूस, गोकलपुर तालाब में हुआ विसर्जन

रांझी। दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, व्हीकल मोड़ रांझी में शुक्रवार को शारदीय नवरात्रि के समापन अवसर पर भव्य जवारे जुलूस का आयोजन किया गया। परंपरागत उत्साह और श्रद्धा के माहौल में निकला यह जुलूस करीब तीन किलोमीटर तक भ्रमण किया और श्रद्धालु शामिल हुए।

दस दिवसीय शारदीय नवरात्रि उपवास और पूजन-अर्चन के बाद भक्तों ने जवारे को सिर पर धारण कर शोभायात्रा में भाग लिया। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी ने पारंपरिक परिधानों में सजधज कर जुलूस में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान भक्तों ने विभिन्न धार्मिक मुद्राओं का प्रदर्शन किया, जिससे वातावरण भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा।

जुलूस ढोल-नगाड़ों की गूंज और देवी गीतों की स्वर लहरियों के साथ मंदिर परिसर से प्रारंभ हुआ। यात्रा व्हीकल मोड़ से होते हुए दर्शन सिंह तिराहा पहुंची और अंत में गोकलपुर तालाब जाकर संपन्न हुई। वहां विधि-विधान से जवारे का विसर्जन किया गया। पूरे मार्ग पर श्रद्धालु जयकारे लगाते आगे बढ़ते रहे, वहीं जगह-जगह श्रद्धालुओं का स्वागत भी किया गया।

इस धार्मिक अनुष्ठान में दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील तिवारी, कारभार मंत्री शैलेश यादव सहित समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गोकलपुर तालाब पर हुए विसर्जन के साथ श्रद्धालुओं ने देवी मां से आशीर्वाद लिया और समाज में सुख-समृद्धि की कामना की। रांझी क्षेत्र में हर साल होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *