Tuesday, February 3Ujala LIve News
Shadow

लेफ्टिनेंट जनरल पी एस शेखावत, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मध्यभारत

लेफ्टिनेंट जनरल पी एस शेखावत, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, मध्यभारत
एरिया के पोस्टिंग आउट के अवसर पर गरिमायी सैन्य समारोह का आयोजन

जबलपुर मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत ने अपने सफल एवं विशिष्ट कार्यकाल को समाप्त किया। इस अवसर पर मुख्यालय परिसर में एक गरिमामय सैन्य समारोह का आयोजन किया गया। अपने प्रस्थान पर उन्होंने भारतीय सेना के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस समारोह में जबलपुर मिलिट्री स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों, जूनियर कमीशंड अधिकारियों और जवानों ने मिलकर भारत माता की जयघोष के साथ उन्हें विदाई दी।
जनरल ऑफिसर को 1987 में भारतीय सेना की प्रतिष्ठित मैकनाइज़्ड इन्फेंट्री रेजिमेंट में सैन्य अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था। अपने प्रतिष्ठित सैन्य करियर के दौरान, उन्होंने रेजिमेंट के कमांडिंग अफसर, ब्रिगेड कमांडर, जनरल अफसर कमांडिंग जैसे कई महत्वपूर्ण पदों को संभालते हुए उल्लेखनीय कार्य किया है। सेना मुख्यालय में DG DC&W के पद पर कार्य करते हुए वे कई महत्वपूर्ण रणनीतिक निर्णयों का हिस्सा रहे हैं। वे नेशनल डिफेन्स अकादमी, खड़गवासला में भी चीफ इंस्ट्रक्टर के पद पर कार्यरत रहे, जहां भारतीय सेना के बेहतरीन अधिकारी अपनी मातृभूमि की सेवा के लिए तैयार किये जाते हैं। लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत दिनांक 01 जनवरी 2024 से 31 जनवरी 2026 तक मध्य भारत एरिया के जनरल अफसर कमांडिंग के पद पर सेवारत रहे। अपने 02 साल से अधिक के सफल कार्यकाल के दौरान उन्होंने मध्य भारत एरिया की परिचालन तत्परता को और अधिक सुदृढ़ किया तथा प्रशिक्षण, प्रशासन एवं लॉजिस्टिक्स के क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण सुधारात्मक कदम उठाए। उनके नेतृत्व में एरिया ने उच्च स्तरीय सैन्य अभ्यासों, प्रशिक्षण गतिविधियों और संयुक्त अभियानों के माध्यम से अपनी युद्ध क्षमता एवं समन्वय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। अब वे मध्य भारत एरिया से स्थानांतरित होकर मुख्यालय दक्षिण-पश्चिमी कमान में चीफ ऑफ़ स्टाफ के मह्त्वपूर्ण पद पर कार्यरत होने जा रहे है।

जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल पी एस शेखावत ने सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई के उद्देश्य से कई कल्याण-संबंधी परियोजनाओं का नेतृत्व किया है। सैनिकों के कल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, आवास और वित्तीय सहायता पर ध्यान केंद्रित करने वाली पहलों का क्रियान्वन हुआ है। इन परियोजनाओं ने न केवल सेवारत सैनिकों और उनके परिवारों के लिए जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि उनके अमूल्य योगदान को मान्यता देते हुए भूतपूर्व सैनिकों को महत्वपूर्ण सहायता भी प्रदान की है। भारतीय सेना में सेवारत और सेवा कर चुके भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण को बढ़ाने के लिए लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत का समर्पण उनकी गहन सहानुभूति और दृढ़ नेतृत्व को दर्शाता है। उन्होंने हमेशा मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए अलग-अलग खेलों के महत्व पर ज़ोर दिया है और सूर्या हाफ मैराथन इसका एक शानदार उदाहरण है।

जनरल अफसर ने अपने कार्यकाल की समाप्ति पर संस्कारधानी के नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि जबलपुर एक सैन्य स्टेशन होने के साथ-साथ भारतीय सेना और नागरिकों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सद्भाव का सशक्त उदहारण है । कार्यकाल के दौरान उन्हें जबलपुर के नागरिकों से सदैव सहयोग, सम्मान और स्नेह प्राप्त हुआ, जिसके लिए वे सदैव कृतज्ञ रहेंगे। जीओसी ने जबलपुर के प्रशासनिक अधिकारियों, नागरिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा सेना को दिए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्बन्ध राष्ट्रिय सुरक्षा एवं सामजिक समरसता को और सुदृढ़ करता है और इसी कारण आपदा प्रबंधन, राहत एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान सुनिश्चित हुआ।

पोस्टिंग आउट समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने लेफ्टिनेंट जनरल शेखावत के दूरदर्शी नेतृत्व, पेशेवर दक्षता और समर्पण की सराहना की। अपने संबोधन में जीओसी ने सभी रैंकों, नागरिक कर्मियों तथा उनके परिवारों के सहयोग, निष्ठा और समर्पण के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र में तैनात सभी सैनिकों को भविष्य में भी उच्चतम सैन्य मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। पोस्टिंग आउट समारोह के दौरान उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल हरबिंदर सिंह वांद्रा को पदभार सौंपा। समारोह के अंत में जबलपुर मिलिट्री स्टेशन के सभी सैन्य पदों ने लेफ्टिनेंट जनरल पीएस शेखावत और श्रीमती राजलक्ष्मी शेखावत, जोनल आवा अध्यक्षा को गरिमापूर्ण विदाई दी तथा उनके भावी दायित्वों एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *