पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाफामऊ में वार्षिक खेल दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाफामऊ में वार्षिक खेल दिवस एवं पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में प्रयागराज शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी जी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में संयुक्त शिक्षा निदेशक आर. एन. विश्वकर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक पी एन सिंह ने की। इस अवसर पर सह जिला विद्यालय निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह तथा विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य मोहमद रफीक, प्रवीण सिंह, रवि भूषण, प्रतिज्ञा चौहान, नीलम चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या नीलम मिश्रा ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्रम से सम्मान करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया। इसके साथ स्वागत अभिभाषण एवं विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, गणमान्यजन एवं अभिभावकों की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। छात्राओं द्वारा स्वागत गीत व नृत्य प्रस्तुत किया गया। मंच संचालन श्रीमती अर्चना तिवारी व गुंजन सिंह द्वारा किया गया। संयुक्त शिक्षा निदेशक आर एन विश्वकर्मा जी द्वारा छात्राओं को उनके बहुमुखी विकास हेतु प्रेरित किया गया। उन्होंने बच्चों को शैक्षिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
खेल संबंधी पुरस्कारों का वितरण उनके करकमलों द्वारा किया गया । कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियां दीं जिसकी सराहना सभी अतिथियों ने मुक्त कंठ से की।
मुख्य अतिथि मनानीय विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी जी द्वारा उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में छात्राओं एवं महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इस संदर्भ में अनेक प्रेरक प्रसंगों का उल्लेख किया जो छात्राओं को भारत के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं। इसके साथ ही विद्यालय विकास हेतु जनप्रतिनिधि होने के नाते हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न खेल, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया तथा शिक्षिकाओं व कर्मचारियों को भी स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
प्रधानाचार्या द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल प्रभारी सुनीता, कार्यक्रम प्रभारी वंदना तिवारी, ऋतंभरा शुक्ला, सत्या जयसवाल, प्रियंका चौहान, सुनीता गौतम, पूजा कुमारी, मनीषा गुप्ता, अर्चना कुमारी, ममता मिश्रा, रीना पटेल, वर्तिका, विशाल कुशवाहा, अरुणेश मिश्र एवं सिद्धार्थ का सराहनीय योगदान रहा।
