Sunday, February 15Ujala LIve News
Shadow

श्रृंगवेरपुर के विकास एवं पर्यटन को बढ़ावा देने पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का धन्यवाद ज्ञापन — महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने जताया आभार

 

श्रृंगवेरपुर के विकास एवं पर्यटन को बढ़ावा देने पर भारतीय उद्योग व्यापार मंडल का धन्यवाद ज्ञापन — महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने जताया आभार

प्रयागराज

भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, प्रयागराज की ओर से महानगर अध्यक्ष योगेश गोयल ने श्रृंगवेरपुर में निर्माणाधीन निषादराज गुह्य सांस्कृतिक केंद्र को बजट में प्राथमिकता दिए जाने तथा तीव्र गति से कराए जा रहे निर्माण कार्य पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। योगेश गोयल ने कहा कि लगभग 19.61 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह भव्य सांस्कृतिक केंद्र लगभग 70 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है और शीघ्र ही यह स्थल राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि म्यूजियम में भगवान श्रीराम और निषादराज गुह्य के मिलन की अमर कथा को आधुनिक तकनीक और चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे त्याग, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचेगा। लगभग 400 क्षमता वाले आधुनिक ऑडिटोरियम सहित संपूर्ण परिसर का विकास श्रृंगवेरपुर को आस्था, संस्कृति और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाएगा, जिससे स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और रोजगार को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

योगेश गोयल ने प्रदेश बजट में प्रयागराज की मेट्रो परियोजना को शामिल किए जाने का भी स्वागत किया और कहा कि इससे शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।

इसी क्रम में उन्होंने बताया कि आगामी ईद और होली पर्व को देखते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें चौक क्षेत्र में एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज परिसर एवं खाली पार्कों में अस्थायी पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी, ताकि त्योहारों के दौरान जाम की स्थिति न बने और व्यापार सुचारू रूप से चल सके।

इसके अतिरिक्त उन्होंने नैनी क्षेत्र के कॉटन मिल तिराहा एवं अरैल मोड़ पर लगने वाले जाम की समस्या से भी प्रशासन को अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की।

उन्होंने कहा कि ईद और होली जैसे बड़े त्योहारों पर व्यापार अत्यंत अच्छा चलता है, अतः शहर को जाम की स्थिति से बचाने एवं व्यापार को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए ईद से पूर्व शहर में स्थान-स्थान पर समुचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जानी अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों में प्रमुख रूप से योगेश गोयल (महानगर अध्यक्ष), नवीन अग्रवाल (वरिष्ठ महामंत्री), राजकुमार केसरीवानी (जिला अध्यक्ष), अभिषेक केसरीवानी (महामंत्री), पियूष पांडेय (महामंत्री), रोशनी अग्रवाल (महिला जिला अध्यक्ष), मनोरमा गोस्वामी (महिला महानगर अध्यक्ष), अधिवक्ता मनोज गोस्वामी, हर्ष जैनवाल, नवीन सिंह, विकास वैश्य, रानू अग्रवाल एवं अंशुल अग्रवाल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *