Friday, February 27Ujala LIve News
Shadow

सक्षम समारोहः प्रयागराज में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और समावेशन का उत्सव

सक्षम समारोहः प्रयागराज में दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और समावेशन का उत्सव

प्रयागराज.

समावेशन और प्रतिभा का एक हृदयस्पर्शी उत्सव ‘सक्षम समारोह’ का आयोजन नाज़रेथ हॉस्पिटल, प्रयागराज द्वारा सेंट जोसेफ कॉलेज, प्रयागराज के सहयोग से सफलतापूर्वक किया गया। यह आयोजन शहर के विभिन्न विद्यालयों के दिव्यांग बच्चों को एक साझा मंच पर लाने का सार्थक प्रयास रहा।

एक दिवसीय इस कार्यक्रम में लगभग 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जो पाँच विशेष विद्यालयों से आए थे। होली पर्व के कारण कुछ अन्य संस्थानों के विद्यार्थी इस कार्यक्रम में भाग नहीं ले सके। कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया गया-प्रातःकाल नाज़रेध हॉस्पिटल में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा इसके पश्चात सेंट जोसेफ कॉलेज परिसर में खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत नाज़रेथ स्कूल ऑफ नर्सिंग की छात्राओं द्वारा प्रार्थना गीत से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर ने दिन के लिए एक गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण का निर्माण किया। नाज़रेथ हॉस्पिटल के निदेशक रेव. फा. विपिन डी सूज़ा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए दिव्यांग बच्चों के प्रति समावेशी दृष्टिकोण और संवेदनशीलता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

दिव्य ज्योति निकेतन, दर्शना स्पेशल स्कूल (सी.जे.), राज विशिष्ट विद्यालय, शिशु भवन एवं माता कलावती स्कूल ऑफ स्पेशल एजुकेशन के विद्यार्थियों ने गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।

मुख्य अतिथि पूर्व नगर आयुक्त श्री बादल चटर्जी ने आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रयासों की प्रशंसा की और बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। दिव्य ज्योति निकेतन की सुश्री दिव्यांशी द्वारा आत्मविश्वासपूर्ण एवं प्रभावशाली मंच संचालन के लिए विशेष सराहना व्यक्त की गई।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण का शुभारंभ कैथोलिक डायोसिस ऑफ इलाहाबाद के धर्माध्यक्ष परम आदरणीय डॉ. लुईस मास्कारेनहास द्वारा सहभागी विद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर किया गया, जो आनंद और एकता का प्रतीक था। इसके पश्चात आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी ऊर्जा और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।

इस अवसर पर सेंट जोसेफ कॉलेज के प्रधानाचार्य रेव. फा. वॉल्टर डी सिल्वा तथा कॉलेज के खेल विभाग के शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम का संचालन नाज़रेध हॉस्पिटल के प्रशासक रेव. फा. इसिडोर डी’सूज़ा ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम का समापन दिव्य ज्योति निकेतन की सुश्री कृति द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। विजेताओं को धर्माध्यक्ष डॉ. लुईस मास्कारेनहास द्वारा पुरस्कृत किया गया तथा प्रत्येक प्रतिभागी को आयोजकों की ओर से एक स्मृति-उपहार प्रदान किया गया।

विद्यार्थियों, शिक्षकों और गणमान्य अतिथियों के लिए आयोजित सामूहिक भोजन के साथ यह उत्सव सम्पन्न हुआ, जिसने आनंद, एकता और सशक्तिकरण का संदेश दिया।

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी के शब्दों में, “बच्चे संसार की सबसे मूल्यवान संपत्ति और उसके भविष्य की आशा हैं। यह समारोह वास्तव में इसी भावना को साकार करता हुआ प्रत्येक बच्चे की क्षमता और संभावनाओं का सम्मान करने वाला आयोजन सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *