बंगाल चुनाव में जबलपुर का दम: भाजपा युवा मोर्चा के चंद्रशेखर पटेल को इंग्लिशबाजार की कमान, 9 मार्च की परिवर्तन यात्रा का करेंगे नेतृत्व

आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी द्वारा देशभर के सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं, ताकि चुनावी रणनीति को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सके।
इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जबलपुर से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चंद्रशेखर पटेल को मालदा ज़िले की इंग्लिशबाजार विधानसभा में संगठनात्मक दायित्व सौंपा गया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा मिली इस जिम्मेदारी के तहत वे क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ युवा कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का कार्य करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चंद्रशेखर पटेल मालदा पहुंच चुके हैं और उन्होंने इंग्लिशबाजार विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी गतिविधियों की शुरुआत कर दी है। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसी के साथ 9 मार्च को आयोजित होने वाली भाजपा की “परिवर्तन यात्रा” का नेतृत्व भी चंद्रशेखर पटेल करेंगे। इस यात्रा के माध्यम से क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और गांवों में जनसंपर्क कर भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और संगठन के विचारों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर चंद्रशेखर पटेल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास और जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के सहयोग से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए क्षेत्र में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाया जाएगा।
वहीं स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनके आगमन का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को निश्चित रूप से लाभ होगा।
