बड़ी स्टेशन पर दबोचा गया फर्जी आरपीएफ उप निरीक्षक

प्रयागराज आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज के निरीक्षक अमित कुमार मीणा अपने हमराह स्टाफ के साथ रेलवे स्टेशन प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म पर गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान एक युवक आरपीएफ उप निरीक्षक की वर्दी में संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर निरीक्षक अमित कुमार मीणा एवं उनके हमराह स्टाफ द्वारा उक्त व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई तथा जीआरपी टीम को बुलाकर संयुक्त रूप से जांच की गई।
जांच में उक्त व्यक्ति फर्जी आरपीएफ उप निरीक्षक पाया गया, जिसे दिनांक 15.03.2026 को प्लेटफार्म से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध थाना जीआरपी प्रयागराज में मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अभियुक्त का नाम व पता:
दिव्यांशु कुमार पुत्र दीना नाथ निवासी ग्राम रेंगा थाना बरेसर जनपद गाजीपुर, उम्र लगभग 22 वर्ष।
बरामदगी:
अभियुक्त द्वारा पहनी गई वर्दी मय स्टार, बैच, मोनोग्राम, बेल्ट, नीली डोरी तथा लाल रंग के जूते मय खाकी मोजे को उतरवाकर सफेद कपड़े में रखकर नियमानुसार सील सर्वमोहर किया गया। जामातलाशी में ₹650 नगद, आधार कार्ड व एटीएम कार्ड बरामद हुए, जिन्हें नियमानुसार चिटबंद किया गया।
पूछताछ का विवरण:
अभियुक्त ने बताया कि घर वालों के नौकरी के दबाव के कारण तथा ट्रेन में मुफ्त यात्रा करने के उद्देश्य से उसने आरपीएफ की खाकी वर्दी बनवा ली और पिछले लगभग तीन महीनों से वर्दी पहनकर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा कर रहा था तथा लोगों के सामने स्वयं को आरपीएफ दरोगा बताता था।
उक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 91/2026, धारा 205/319(2) बीएनएस, थाना जीआरपी प्रयागराज में अभियोग पंजीकृत किया गया।
गिरफ्तार करने वाली टीम:
अमित कुमार मीणा, निरीक्षक – आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज
अतुल कुमार, एएसआई – आरपीएफ पोस्ट प्रयागराज
भूपेंद्र कुमार, उप निरीक्षक – जीआरपी प्रयागराज
हमराह स्टाफ
