जय सिंह को सामाजिक कार्यों के लिए मिला लाइफ टाइम एक्सिलेंस अवॉर्ड
लखनऊ के प्रतिष्ठित होटल क्लार्क अवध में हर क्षेत्र के कई विभूतियों को किया गया सम्मानित
जय सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार द्वारा भी उत्कृष्ट कार्य के लिए मिल चुका है कई पुरस्कार और सम्मान

लखनऊ/ समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्री जय सिंह, आईआईएस को लाइफ टाइम एक्सिलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लखनऊ स्थित होटल क्लार्क अवध में आरोग्य दर्पण अंतर्राष्ट्रीय संस्था द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान प्रदान किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी श्री विजय कुमार, आईपीएस, लखनऊ मंडल के अतिरिक्त कमिश्नर श्री राधेश्याम, आईएएस, विशिष्ट अतिथि डॉ राकेश कुमार वर्मा, निदेशक, एलपीएस इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी,कानपुर, श्रीमती सुषमा सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जय सिंह ने लंबे समय से समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता तथा जनहित से जुड़े अनेक अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने कहा कि जय सिंह का समाज के प्रति समर्पण, सेवा भावना और जनहित के कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अन्य लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। गरीब बच्चों को निःशुल्क पुस्तके, कॉपी, पेन और उनकी फीस अपने पास से जमा कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का सफल प्रयास बहुत ही प्रेरणादायक है। इसी उत्कृष्ट प्रशासनिक और सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें लाइफ टाइम एक्सिलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करते हुए जय सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज की सेवा करना उनका कर्तव्य है और आगे भी वे इसी प्रकार जनहित के कार्यों में सक्रिय रहेंगे। जब तक जीवन रहेगा तब तक गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के लिए हमेशा निस्वार्थ मदद करने के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने इस सम्मान के लिए राम प्रकाश वर्मा, चेयरमैन, आरोग्य दर्पण सहित आयोजकों और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने जय सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाज सेवा के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की।
