नगर निगम के तानाशाही रवैये के खिलाफ व्यापारियों का हल्लाबोल, दूसरे दिन भी जारी रहा धरना

प्रयागराज। नगर निगम द्वारा सरोजनी नायडू मार्ग के फुटपाथ दुकानदारों को हटाए जाने के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को धरने के दूसरे दिन दुकानदारों के समर्थन में सिविल लाइंस उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी धरना स्थल पर पहुंचे और अपना पूर्ण समर्थन घोषित किया। धरने को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के अध्यक्ष नीरज जायसवाल ने कहा कि नगर निगम का यह ‘तुगलकी फरमान’ छोटे व्यापारियों के पेट पर लात मारने जैसा है। उन्होंने नगर निगम को चेतावनी दी कि यदि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के दुकानदारों को उजाड़ा गया, तो व्यापार मंडल उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्वाति निरखी ने कहा कि एक तरफ सरकार रोजगार देने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ नगर निगम के अधिकारी सालों से अपनी दुकान लगा रहे लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नगर निगम प्रशासन तत्काल इस कार्रवाई पर रोक लगाए और वेंडिंग जोन की नीति को स्पष्ट करे। क्षेत्रीय पार्षद पंकज जायसवाल ने कहा यदि क्षेत्र की जनता के हित के लिए ये लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ी जाएगी और उनको उनका हक दिलाया जाएगा ।
धरने पर बैठे दुकानदारों ने संकल्प लिया कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, वे पीछे नहीं हटेंगे। वहीं प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राणा चावला , सदर व्यापार मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनकर तथा फाफामऊ व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय जायसवाल ,संगठन मंत्री उमेश सिंह ने भी अपना पूर्ण समर्थन इन व्यापारियों को दिया । उक्त मौके पर भारी संख्या में दुकानदार और व्यापार मंडल के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
