Saturday, September 12Ujala LIve News
Shadow

यश भारती सम्मान से सम्मानित स्वर्गीय कैलाश गौतम स्मृति पुस्तकालय का हुआ लोकार्पण

यश भारती सम्मान से सम्मानित स्वर्गीय कैलाश गौतम स्मृति पुस्तकालय का हुआ लोकार्पण

मेजा (प्रयागराज)। प्रयागराज जनपद के मेजा रोड स्थित श्री काशी प्रसाद सिंह इंटरमीडियेट कॉलेज में 45वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर यश भारती सम्मान से सम्मानित स्वर्गीय कैलाश गौतम स्मृति पुस्तकालय का लोकार्पण समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, प्रशासन और पत्रकारिता से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपेन्द्र राय (संस्थापक एवं चेयरमैन, भारत एक्सप्रेस न्यूज) उपस्थित रहे। वरिष्ठ अतिथियों में वरिष्ठ पत्रकार अनिल राय, पूर्व पीसीएस अधिकारी आशीष मिश्रा, सुधीर राय, बी.के. राय, राजभाषा अधिकारी मयंक द्विवेदी, कवि श्लेष गौतम तथा माटी संस्था के अध्यक्ष आशिफ आज़मी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस दौरान अतिथियों द्वारा स्वर्गीय कैलाश गौतम स्मृति पुस्तकालय का विधिवत लोकार्पण किया गया तथा क्षेत्र के स्थानीय पत्रकारों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। समारोह में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम का वातावरण उत्सवपूर्ण बना रहा।

मुख्य अतिथि उपेन्द्र राय ने अपने संबोधन में कहा कि “संभावनाएं बहुत अधिक हैं, लेकिन लोग तलाश में निकलते ही नहीं हैं। लोगों को पढ़ने की आदत डालनी चाहिए। हर बड़ा आदमी किताब पढ़ने के लिए समय निकालता है।”

उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने और अध्ययन को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि बी.के. राय ने कहा कि “यह विद्यालय ग्रामीण परिवेश में शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।”

उन्होंने विद्यालय की 45 वर्षों की शैक्षिक यात्रा की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम के आयोजक अजीत सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यहाँ पर मौजूद हर व्यक्ति जानता है कि इस क्षेत्र में सबसे कम फीस में पिछले 45 वर्षों से हम लोग बच्चों को पढ़ाने का काम कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार आगे भी शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

इस दरम्यान स्थानीय पत्रकारों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिह्न भेंट करके सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा विद्यालय परिवार द्वारा सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *