Tuesday, May 19Ujala LIve News
Shadow

स्वास्थ्य के लिए दौड़ा झूंसी,हेल्थॉन 2026 में सैकड़ों लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग

स्वास्थ्य के लिए दौड़ा झूंसी,हेल्थॉन 2026 में सैकड़ों लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग


झूंसी, प्रयागराज।
स्वास्थ्य जागरूकता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से डॉ. प्रीति हॉस्पिटल, झूंसी एवं विजय हॉकी अकादमी के संयुक्त प्रयास से आयोजित “हेल्थॉन 2026 — रन एंड वॉक फॉर हेल्थ” कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया। कार्यक्रम में सामाजिक संस्था रोटरी प्रयागराज संगम एवं इंटरैक्ट क्लब ऑफ संगम का विशेष सहयोग रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद प्रवीण पटेल के द्वारा त्रिवेणीपुरम ग्राउंड से किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता की यह दौड़ त्रिवेणीपुरम ग्राउंड से प्रारंभ होकर नवनिर्मित डॉ. प्रीति क्लिनिक, पुलिस चौकी झूंसी के पास तक पहुँची। इस दौरान “दौड़ेगा झूंसी, रहेगा स्वस्थ” के संदेश के साथ बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं एवं बालिकाओं सहित सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली, नशामुक्ति और नियमित व्यायाम के महत्व का संदेश दिया। डॉ. प्रीति हॉस्पिटल की ओर से समाज को यह संदेश दिया गया कि बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता, अनुशासित जीवनशैली और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण है।

इस अवसर पर डॉ. प्रीति हॉस्पिटल की निदेशक डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार देना नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि समाज फिट रहेगा तो परिवार स्वस्थ रहेंगे और स्वस्थ परिवार ही मजबूत समाज की नींव हैं।

विजय हॉकी अकादमी की टीम ने पूरे आयोजन में अनुशासन, मार्ग व्यवस्था और प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अकादमी से जुड़े खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने युवाओं को खेल, फिटनेस और अनुशासित जीवन की ओर प्रेरित किया।

दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में नकद पुरस्कार एवं मेडल प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में रोटरी प्रयागराज संगम, इंटरैक्ट क्लब ऑफ संगम, विजय हॉकी अकादमी, डॉ. प्रीति हॉस्पिटल की टीम, स्थानीय नागरिकों, बच्चों, महिलाओं और वरिष्ठजनों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।

आयोजकों ने कहा कि हेल्थॉन 2026 केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि झूंसी को स्वस्थ, जागरूक और सक्रिय बनाने की एक सामाजिक पहल है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा —
“दौड़ पड़ा झूंसी स्वास्थ्य के लिए, क्योंकि स्वस्थ झूंसी ही मजबूत झूंसी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *